टाटा पंच आ रही नए अवतार में, डिजाइन और फीचर्स में दिखेंगे ये बड़े बदलाव
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 28, 2025, 12:38 PM IST
टाटा मोटर्स अपनी पॉपुलर माइक्रो SUV टाटा पंच को नए अवतार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। फेसलिफ्ट मॉडल में डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे, जिससे यह कार पहले से ज्यादा स्टाइलिश और हाई-टेक नजर आएगी। आइए आपको बताते हैं टाटा की ये कार कब लॉन्च होगी?
tata punch
टाटा मोटर्स की पॉपुलर माइक्रो SUV टाटा पंच (Tata Punch) अब जल्द ही नए अवतार में नजर आने वाली है। कंपनी अपनी इस बेस्टसेलिंग कार को बड़ा अपडेट देने की तैयारी में है। हाल ही में टाटा पंच फेसलिफ्ट को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि यह कार अब लॉन्च के काफी करीब है। नई स्पाई तस्वीरों में भले ही गाड़ी भारी कवर में नजर आई हो, लेकिन इसके डिजाइन और फीचर्स में होने वाले बड़े बदलाव साफ झलक रहे हैं।
Punch EV जैसा होगा नया लुक
2026 टाटा पंच फेसलिफ्ट का फ्रंट डिजाइन काफी हद तक Punch EV से प्रेरित होगा। इसमें नया और ज्यादा शार्प डिजाइन वाला बंपर दिया जाएगा। साथ ही, पहले से ज्यादा स्लीक LED DRLs देखने को मिलेंगी, जो इसे मॉडर्न लुक देंगी। हेडलाइट्स को अब वर्टिकल शेप में रखा जाएगा, जिससे गाड़ी ज्यादा प्रीमियम और अग्रेसिव नजर आएगी।
ग्रिल और फ्रंट में दिखेंगे नए एलिमेंट्स
नई पंच के फ्रंट ग्रिल में हवा के लिए दो खास स्लिट्स दिए जाएंगे। यह डिजाइन न सिर्फ गाड़ी की कूलिंग को बेहतर बनाएगा, बल्कि इसके लुक को भी ज्यादा स्पोर्टी बनाएगा। कुल मिलाकर फ्रंट से यह कार पहले से कहीं ज्यादा बोल्ड और फ्रेश दिखेगी।
जहां फ्रंट में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे, वहीं साइड प्रोफाइल में टाटा पंच की पहचान बनी रहने वाली है। इसमें पहले की तरह ही मस्कुलर बॉडी क्लैडिंग दी जाएगी। हालांकि, इसे नया टच देने के लिए नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स जोड़े जाएंगे, जिससे गाड़ी का ओवरऑल लुक और बेहतर हो जाएगा।
इंटीरियर में मिलेगा पूरी तरह नया अनुभव
नई टाटा पंच सिर्फ बाहर से ही नहीं, बल्कि अंदर से भी काफी बदलने वाली है। स्पाई तस्वीरों के मुताबिक इसमें टाटा का नया इल्यूमिनेटेड लोगो वाला स्टीयरिंग व्हील मिलेगा, जो अब कंपनी की नई कारों में देखने को मिल रहा है। इसके अलावा, डैशबोर्ड पर 10.25-इंच की बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दी जाएगी, जो मौजूदा मॉडल से काफी बड़ी है।
सेगमेंट में पहली बार मिल सकते हैं प्रीमियम फीचर्स
फेसलिफ्ट टाटा पंच में कई ऐसे फीचर्स मिल सकते हैं, जो इस सेगमेंट में पहली बार देखने को मिलेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें वेंटिलेटेड सीट्स, 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS (Advanced Driver Assistance System) जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। अगर ये फीचर्स मिलते हैं, तो टाटा पंच अपने सेगमेंट की सबसे हाई-टेक और सेफ कार बन सकती है।
सेफ्टी पर रहेगा खास फोकस
टाटा मोटर्स पहले से ही अपनी कारों की सेफ्टी के लिए जानी जाती है। नई पंच में भी सेफ्टी को लेकर खास ध्यान दिया जाएगा। ADAS के अलावा इसमें मल्टीपल एयरबैग्स, ABS, EBD और मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
इंजन में बदलाव की उम्मीद कम
फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक इंजन ऑप्शन में बड़े बदलाव की संभावना कम है। यानी मौजूदा पेट्रोल इंजन को ही नए फेसलिफ्ट में जारी रखा जा सकता है। हालांकि, बेहतर माइलेज और स्मूद ड्राइविंग के लिए इसमें कुछ छोटे अपडेट जरूर किए जा सकते हैं।
कब हो सकती है लॉन्च?
हालांकि टाटा मोटर्स ने अभी आधिकारिक लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन जिस तरह से गाड़ी की टेस्टिंग तेज हुई है, उससे माना जा रहा है कि 2026 की शुरुआत में नई टाटा पंच फेसलिफ्ट भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है।