2023 Royal Enfield Bullet 350: रॉयल एनफील्ड 1 सितंबर को भारत में 2023 बुलेट 350 लॉन्च करने वाली है जिसकी ज्यादातर फीचर्स की जानकारी ऑनलाइन लीक हो गई है। भारतीय ग्राहकों के बीच ये मोटरसाइकिल खूब पसंद की जाती है और क्लासिक 350 के बाद बिक्री के मामले में ये पसंदीदा बाइक है। नई रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 को पहले वाले जे-सीरीज प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है और इसे तीन वेरिएंट्स में लॉन्च किया जाएगा। बड़े बदलावों के साथ आ रही नई बुलेट का ग्राहक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और ये निश्चित मौर पर कंपनी की बिक्री में बड़ा इजाफा करने वाली है।
क्या-क्या नया मिलेगा
लीक हुए डॉक्यूमेंट में सामने आया है कि नई बुलेट के बेस वेरिएंट के पिछले पहिए में ड्रम ब्रेक के अलावा सिंगल चैनल एबीएस मिलेगा, वहीं बाकी दो वेरिएंट्स दोनों पहियों में डिस्क और डुअल-चैनल एबीएस के साथ आएंगे। इसके अलावा अपडेटेड मोटरसाइकिल नई पेंट स्कीम के साथ पेश की जाएगी और इंजन पर फिनिश भी अलग किस्म का मिलेगा। बेस वेरिएंट के साथ संभवतः क्रोम इंजन कवर मिलेगा, वहीं बाकी दो वेरिएंट्स क्रोम फिनिश वाले इंजन और फ्यूल टैंक पर सुनहरी पट्टियों के साथ आएंगे।
इंजन में मिलेगा कोई बदलाव?
2023 रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 के साथ चौड़े टायर्स, अगले हिस्से में 19-इंच और पिछले में 18-इंच के स्पोक्ड व्हील्स, बदली हुई स्टाइल और यूएसबी पोर्ट जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसे मॉडर्न बनाने के लिए कंपनी स्विचगियर और इंस्ट्रूमेंट कंसोल क्लासिक 350 से ले सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नई बुलेट के साथ पहले जैसा 349 सीसी सिंगल-सिलेंडर, एसओएचसी इंजन मिलेगा। ये इंजन 6,100 आरपीएम पर 20.2 बीएचपी ताकत और 4,000 आरपीएम पर 27 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। कंपनी ने इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस किया है।
