- सिंगिंग रिएलिटी शो इंडियन आइडल 11 की शुरुआत हो चुकी है जो शुरुआत से ही चर्चा में बना हुआ है
- हाल ही में शो में एक कंटेस्टेंट पहुंचा जिसने जबरदस्ती नेहा कक्कड़ के गाल पर किस किया
- इसका वीडियो भी सामने आ गया है और यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है
छोटे पर्दे का मशहूर सिंगिंग रिएलिटी शो इंडियन आइडल का सीजन 11 शुरू हो चुका है और शुरुआत से ही चर्चा में बना हुआ है। जहां कुछ दर्शकों को शो में जज के तौर पर अनु मलिक को लिए जाने से शिकायत है तो कुछ का मानना है कि शो में कंटेस्टेंट के टैलेंट से ज्यादा उनकी पर्सनल लाइफ पर फोकस किया जाता है। अब शो एक बार फिर चर्चा में है और इस बार भी वजह नेगेटिव है।
इंडियन आइडल का एक वीडियो सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। दरअसल इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कंटेस्टेंट शो में तोहफों के साथ आता है और नेहा से पूछता है- पहचाना? नेहा उन्हें पहचान लेती हैं और खुश होकर उसे हग (गले लगना) करती हैं। इस दौरान वो शख्स जबरदस्ती नेहा के गाल पर किस कर देता है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि इस कंटेस्टेंट को नेहा कैसे जानती हैं और उसकी इस हरकत के बाद उसके साथ क्या किया गया।
नेहा के इस वीडियो पर कमेंट कर उनके फैंस उन्हें सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। फैंस का कहना है कि उनके साथ कुछ भी हो सकता है इसलिए स्टेज पर जाने से पहले वो थोड़ा ध्यान रखें। मालूम हो कि इसके अलावा इंडियन आइडल 11 पहले भी चर्चा में रहा है। शो में मीटू आरोपी अनु मलिक को जज के तौर पर लाए जाने को लेकर भी दर्शक अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
बता दें कि साल 2006 में नेहा इस शो के दूसरे सीजन में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आईं थीं। साल 2008 में नेहा ने नेहा द रॉक स्टार नाम की एलबम से म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद साल 2013 में नेहा ने फिल्म 'फटा पोस्टर निकला हीरो' के लिए धतिंग नाच गाना गाया, जिसे काफी पसंद किया गया। नेहा आज म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना माना नाम हैं।