- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका तीसरा टेस्ट मैच
- रांची में तीसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया ने शुरू किया अभ्यास
- विराट कोहली और रोहित शर्मा नहीं रहे मौजूद
रांची। India vs South Africa: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया ने जेएससीए स्टेडियम (JSCA stadium) में तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया लेकिन इस दौरान टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और ओपनर रोहित शर्मा वहां मौजूद नहीं रहे।
खबरों की मानें तो विराट कोहली और रोहित शर्मा करवाचौथ मनाने के लिए गए हुए थे। पहले दो टेस्ट से बाहर रहे टीम इंडिया के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने अभ्यास सत्र का पूरा इस्तेमाल किया। इस सत्र में अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, मयंक अग्रवाल और ईशांत शर्मा ने भी भाग लिया। खिलाड़ियों ने कोचिंग स्टाफ की मौजूदगी में खूब पसीना बहाया।
मेहमान दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भी सुबह अभ्यास सत्र में भाग लिया और उनका फोकस बल्लेबाजी पर था। दक्षिण अफ्रीका के अभ्यास सत्र में कप्तान डु प्लेसी, तेंबा बावुमा, थ्यूनिस डि ब्रून, क्विंटोन डिकाक, सेनुरान मुथुस्वामी ने भाग लिया।
ऐसी है रांची की पिच
इससे पहले टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री और गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने पिच का मुआयना किया। पिच सूखी होने से स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है।दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने पिच को देखने के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि विकेट स्पिन लेगा। पिच सूखी दिख रही है लिहाजा रिवर्स स्विंग भी ले सकती है। स्पिन की भूमिका काफी अहम होगी।’
कौन होगा बाहर?
भारत के लिये आर अश्विन और रविंद्र जडेजा ने अब तक टेस्ट सीरीज के दो मैचों में क्रमश: 14 और 10 विकेट लिये हैं। कुलदीप को अगर मौका मिलता है तो किसी तेज गेंदबाज को बाहर रहना होगा। अभी ये साफ नहीं है कि ऐसा होगा, और अगर हुआ तो किसको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।