- पुणे टेस्ट में मिली पारी और 137 रन के अंतर से हार
- साल 2010 में कोलकाता में टीम इंडिया ने पारी और 59 रन से दी थी पटखनी
- एक दशक बाद फॉलोऑन खेलते हुए मिली भारत के खिलाफ सबसे बड़ी हार
पुणे: फॉफ डुप्लेसी कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम का भारत दौरे पर खराब प्रदर्शन जारी है। विशाखापट्टनम में खेले गए तीन मैच की सीरीज पहले मैच में 203 रन से हार का सामना करने के बाद पुणे में खेले गए दूसरे टेस्ट में और करारी शिकस्त मिली है। पुण टेस्ट टीम इंडिया ने पारी और 137 रन के अंतर से अपने नाम किया। इसी के साथ ही विराट सेना ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। यह टीम इंडिया की घर पर लगातार 11वीं टेस्ट सीरीज जीत है।
पिछले एक दशक में दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहली बार पारी की हार का सामना करना पड़ा है। पिछली बार उसे फरवरी 2010 में भारत के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डन्स में भारत के खिलाफ पारी और 59 रन के अंतर से हार मिली थी। उस मैच में भी टीम इंडिया ने 600 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया था। दक्षिण अफ्रीका की टीम की यह भारत के खिलाफ सबसे बड़ी हार है।
पिछली बार भारत दौरे पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को चार मैच की सीरीज में 3-0 के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में एक बार फिर वो सीरीज में 3-0 की हार के कगार पर पहुंच गई है। सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट 19 अक्टूबर से रांची में खेला जाएगा।