World Oldest Woman: दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला का निधन हो गया है। जापान की रहने वाली टोमिको इटूका दुनिया की सबसे उम्रदराज थी, जिनकी 116 साल की उम्र में निधन हो गया। ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के अनुसार, जापान की निवासी इटूका दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला थीं।
दुनिया की सबसे बुजुर्ग शख्स टोमिको इटूका का निधन
ये भी पढ़ें- कब और कैसे हुई थी चंदन गुप्ता की हत्या, जिसमें 28 लोग पाए गए हैं दोषी; पढ़िए इस हत्याकांड से जुड़ी हर बात
देखभाल गृह में रहती थीं टोमिको इटूका
जापान की वृद्धावस्था नीतियों के प्रभारी अधिकारी योशित्सुगु नगाटा ने बताया कि इटूका का निधन 29 दिसंबर को मध्य जापान के ह्योगो प्रांत के आशिया स्थित एक देखभाल गृह में हुआ। उन्होंने बताया कि 1979 में पति की मृत्यु के बाद इटूका नारा में अकेली रहती थीं। नगाटा ने कहा कि फिलहाल उनके परिवार में एक बेटा, एक बेटी और पांच पोते-पोतियां हैं।
टोमिको इटूका का 1908 में हुआ था जन्म
इटूका का जन्म 23 मई 1908 को हुआ था। पिछले साल 117 वर्षीय मारिया ब्रान्यास की मृत्यु के बाद वह सबसे बुजुर्ग व्यक्ति बन गई थीं। नगाटा ने बताया कि ओसाका में जन्मी इटूका हाई स्कूल में वॉलीबॉल खिलाड़ी थीं। उन्होंने 3,067 मीटर (10,062 फुट) ऊंचे माउंट ओनटेक पर दो बार चढ़ाई की। 20 साल की उम्र में उनकी शादी हुई और उनकी दो बेटियां और दो बेटे थे।
2023 में मिला था उम्रदराज महिला का खिताब
दिसंबर 2023 में ओसाका प्रान्त के काशीवारा में 116 वर्षीय फुसा तात्सुमी की मृत्यु के बाद इटूका जापान में सबसे बुजुर्ग जीवित शख्स बनी थी। फुसा तात्सुमी का जन्म 25 अप्रैल, 1907 को हुआ था और उन्होंने अपने अंतिम दिन काशीवारा के एक नर्सिंग होम में बिस्तर पर बिताए थे। फुकुओका में 119 वर्षीय महिला की मृत्यु के बाद अप्रैल 2022 में तात्सुमी जापान में सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति बन गई थीं।
जापान में औसत उम्र
जापान में औसत जीवन अवधि 2020 में महिलाओं के लिए 87.71 वर्ष और पुरुषों के लिए 81.56 वर्ष थी। कोरोनावायरस से बढ़ती मौतों के कारण 2021 और 2022 में औसत जीवन अवधि में कमी आई है। सरकारी आंकड़ों से पता चला है कि कोविड-19 महामारी से मौतों में कमी के कारण जापानी लोगों की औसत जीवन प्रत्याशा तीन साल में पहली बार 2023 में बढ़ी। जापान में महिलाओं की औसत जीवन अवधि 2022 से 0.05 बढ़कर 87.14 वर्ष हो गई है, जबकि पुरुषों के लिए यह 0.04 बढ़कर 81.09 वर्ष हो गई है।
