Global meet on Strait of Hormuz : स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित करने और इसे दोबारा खोलने के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों वैश्विक नेताओं के साथ आज वर्चुअल बैठक करेंगे। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में करीब 40 देशों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है जो सीजफायर का समर्थन और इस प्रमुख समुद्री व्यापारिक मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर चर्चा करेंगे।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलवाने पर वैश्विक बैठक।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्ट्रेट को दोबारा खोलने को लेकर एक अंतरराष्ट्रीय मिशन का गठन करने की योजना है। यह प्रस्तावित पहल पूरी तरह से रक्षात्मक होगी और हालात यदि इजाजत देंगे तो एक संयुक्त सैन्य मिशन को वहां तैनात किया जाएगा। पिछले सप्ताह खाड़ी देशों का दौरा करने वाले प्रधानमंत्री युद्धविराम सुनिश्चित करने और संघर्ष के कारण घरेलू महंगाई पर पड़ने वाले असर से लोगों को बचाने के लिए कूटनीतिक, सैन्य और आर्थिक स्तर पर सभी प्रयासों पर खास ध्यान दे रहे हैं।
होर्मुज खोलना वैश्विक जिम्मेदारी
स्टार्मर की राय है कि जलडमरूमध्य को बिना किसी शर्त और तुरंत फिर से खोलना एक वैश्विक जिम्मेदारी है, और हमें वैश्विक ऊर्जा और व्यापार को फिर से सुचारू रूप से चलाने के लिए कदम उठाने होंगे। अपने बयान में स्टार्मर ने कहा कि 'इमैनुएल मैक्रों और मैं नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एक बहुराष्ट्रीय पहल स्थापित करने के अपने संकल्प पर स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा, 'हमें वाणिज्यिक जहाजरानी को आश्वस्त करना होगा और वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा की बहाली के लिए माइन क्लीयरेंस (बारूदी सुरंग हटाने) अभियानों का समर्थन करना होगा।'
बहुराष्ट्रीय सैन्य योजना शिखर सम्मेलन का आयोजन
फिलहाल योजना बनाई जा रही है, ताकि परिस्थितियां अनुकूल होते ही संयुक्त सैन्य प्रयास को तैनात किया जा सके। यह अंतरराष्ट्रीय मिशन पूरी तरह से रक्षात्मक प्रकृति का होगा। शुक्रवार के सम्मेलन के बाद अगले सप्ताह नॉर्थवुड स्थित मुख्यालय में एक बहुराष्ट्रीय सैन्य योजना शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। साझेदार देशों से यह भी अपेक्षा है कि वे बीमा उद्योग के साथ जुड़ाव बढ़ाएं, ताकि परिस्थितियां अनुकूल होने पर वाणिज्यिक जहाजरानी को तेजी से फिर से शुरू किया जा सके।
पेरिस में यूरोपीय सुरक्षा मजबूत करने पर होगी चर्चा
पेरिस में, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच एक द्विपक्षीय दोपहर भोज भी होगा। दोनों नेता यूक्रेन के प्रति यूरोप के अटूट समर्थन, अवैध प्रवासन, आर्थिक विकास और यूरोपीय सुरक्षा को मजबूत करने जैसी साझा चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
