Terror attack in Germany: जर्मनी के एयरपोर्ट पर आतंकी हमले जैसी घटना हुई। एक हथियाबंद व्यक्ति ने अपने वाहन से हैम्बर्ग एयरपोर्ट के गेट पर टक्कर मारकर तोड़ दिया। गोलियां चलाने के बाद व्यक्ति ने दो जलती हुई बोतलें वाहन से बाहर फेंक दीं। रूसी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने जर्मनी के बिल्ड एम सोनटैग का हवाला देते हुए बताया कि जर्मनी में हैम्बर्ग के एयरपोर्ट पर शनिवार को एक हथियारबंद व्यक्ति ने अपने वाहन से गेट तोड़ दिया और परिसर में गोलीबारी की। जिसके बाद सभी उड़ानें रोक दी गईं और सभी टर्मिनलों के प्रवेश द्वार सील कर दिए गए। जर्मन अखबार के मुताबिक टर्मिनल वन के सामने एक कार में एक अज्ञात शख्स देखा गया था। वह सुरक्षा अवरोध को तोड़कर विमान रखरखाव क्षेत्र में घुस गया था। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। टीएएसएस की रिपोर्ट में कहा गया है कि आदमी के अलावा, कार में दो बच्चे भी थे।
एयरपोर्ट ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि हैम्बर्ग एयरपोर्ट के एप्रन पर पुलिस की कार्रवाई के की वजह से आज 4 नवंबर को कोई टेक-ऑफ और लैंडिंग नहीं होगी। सभी प्रभावित यात्रियों को सीधे एयरलाइन से संपर्क करना चाहिए। संघीय पुलिस प्रवक्ता थॉमस गेरबर्ट ने डीपीए समाचार एजेंसी को बताया कि बंदूकधारी ने शनिवार रात करीब 8 बजे (19:00 GMT) एक गेट तोड़ दिया और एयरपोर्ट के एप्रन पर चला गया, जहां विमान खड़े होते हैं। सामान उतारते और ईंधन भरते हैं।
हैम्बर्ग पुलिस ने एक्स पर लिखा कि वर्तमान में हैम्बर्ग एयरपोर्ट पर एक बड़ा पुलिस अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि हम आपातकालीन सेवाओं की एक बड़ी टुकड़ी के साथ साइट पर हैं। हम वर्तमान में एक स्थिर बंधक स्थिति मान रहे हैं। पुलिस ने कहा कि कोई भी घायल नहीं हुआ लेकिन अल जजीरा के मुताबिक एयरपोर्ट ने घोषणा की कि इसे टेकऑफ और लैंडिंग के लिए बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट के एक प्रवक्ता के हवाले से रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि 27 उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
पुलिस ने बताया कि गोलियां चलाने के बाद व्यक्ति ने दो जलती हुई बोतलें वाहन से बाहर फेंक दीं। टीएएसएस की रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले कि सुरक्षा अधिकारियों को एयरपोर्ट पर घुसपैठिए का पता चलता, उसकी पत्नी ने पुलिस को फोन करके बताया कि उसका पति बच्चों के साथ एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। महिला ने दावा किया कि बच्चों का अपहरण कर लिया गया है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक शख्स ने एयरपोर्ट के पास कार से दो गोलियां चलाईं और बच्चों को लेकर फरार हो गया। इस बीच आने वाली उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर भेजा जा रहा है। टीएएसएस ने बताया कि पुलिस हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं और जीएसजी 9 पुलिस बल जो बंधकों को बचाने में माहिर है, उसे बुलाया गया है।
