Russia-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र के फ्रंटलाइन शहर ओरिखोवे पर किए गए हमले का वीडियो जारी किया है। रूस के मुताबिक, इस हमले में उसकी सेना ने 3 टन वजनी FAB-3000 ग्लाइड बम का इस्तेमाल किया। रूसी पक्ष का दावा है कि यह बम एक सैन्य विमान से लगभग 40 किलोमीटर दूर से दागा गया। बम में लगाए गए ग्लाइड किट (Glide Kit) की मदद से यह लंबी दूरी तक बिना इंजन के उड़ान भरते हुए अपने लक्ष्य तक पहुंचा और वहां जोरदार विस्फोट हुआ।
रूस ने यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में 3 टन का बम दागा। AI IMAGE
क्या है FAB-3000 ग्लाइड बम?
FAB-3000 रूस का एक बेहद शक्तिशाली एयर-ड्रॉप बम है, जिसका कुल वजन करीब 3 टन होता है। इसमें लगभग 1.4 टन विस्फोटक भरे जा सकते हैं। ग्लाइड किट लगाए जाने के बाद यह बम विमान को दुश्मन की वायु रक्षा प्रणाली से दूर रखते हुए लंबी दूरी से लक्ष्य पर हमला करने में सक्षम बनाता है।रूस ने जारी किया हमले का वीडियो
रूस द्वारा जारी फुटेज में बम को लक्ष्य की ओर बढ़ते और उसके बाद बड़े विस्फोट के साथ इलाके में भारी तबाही मचाते हुए दिखाया गया है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और यूक्रेन की ओर से इस हमले पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में हाल के महीनों में रूस ने भारी क्षमता वाले ग्लाइड बमों का इस्तेमाल बढ़ाया है। इन हथियारों का उपयोग खासतौर पर फ्रंटलाइन क्षेत्रों में यूक्रेनी ठिकानों और रक्षा संरचनाओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।
यूक्रेन ने किया रूसी तेल रिफाइनरी पर हमला
हाल ही में यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के सामरा क्षेत्र में स्थित आयल रिफायनरी को नुकसान हुआ है। इस रिफायनरी को मिलाकर यूक्रेन अभी तक रूस की 33 रिफायनरियों में से 25 से ज्यादा को निशाना बना चुका है। हाल के महीनों में हुए इस तरह के यूक्रेनी हमलों से रूसी शहरों में पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत पैदा हो गई है, उसका तेल व गैस निर्यात भी प्रभावित हुआ है। बता दें कि पिछले कई महीनों से रूस के तेल और गैस संयंत्रों पर लगातार हमले कर रहा है।
