Iran US Conflict: ईरान और अमेरिका के बीच फारस की खाड़ी और होर्मुज को लेकर तनाव अपने चरम पर है। फारस की खाड़ी दिवस यानी पर्शियन गल्फ डे के मौके पर ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को अलग अंदाज में कड़ी चेतावनी दी। अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान साझा करते हुए 400 साल पुराना एक किस्सा याद किया, जब ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) से पुर्तगालियों को खदेड़ा था जिसकी याद में पर्शियन गल्फ डे मनाया जा रहा है।
ईरान ने अमेरिका को दी कड़ी चेतावनी (फाइल फोटो)
अब्बास अराघची ने 'एक्स' में एक पोस्ट में कहा, ''अमेरिकी राष्ट्रपति (POTUS) पर्शियन गल्फ शब्द का सही इस्तेमाल करते हैं, न की पेंटागन के मनगंढ़त शब्द का, लेकिन होर्मुज के लिए किसी और नाम का इस्तेमाल करना वाकई 'एक गंभीर गलती' होगी।''
खामेनेई ने भी अमेरिका को घेरा
इससे पहले, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कहा कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में 'नई शुरुआत' हो रही है और इसका भविष्य 'अमेरिका के बिना' तय होगा। राज्य मीडिया के जरिए जारी बयान में खामेनेई ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एक 'नया अध्याय' उभर रहा है। उन्होंने इसे अमेरिका की 'नाकामी' से जोड़ते हुए कहा कि क्षेत्र में दो महीने तक चले बड़े अभियान और आक्रामक कार्रवाई के बाद यह स्थिति बनी है।
खामेनेई ने कहा कि होर्मुज सदियों से बाहरी ताकतों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है और कई देशों ने यहां प्रभाव जमाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि फरवरी के अंत से ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल की ओर से शुरू की गई जंग के दौरान ईरानी लोगों ने अपने बलों की दृढ़ता, सतर्कता और साहस को करीब से देखा है। उन्होंने दावा किया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र का उज्ज्वल भविष्य बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त होगा और यह अपने लोगों की प्रगति, सुविधा और समृद्धि के लिए काम करेगा। उनके अनुसार, यह बदलाव क्षेत्रीय देशों के हित में होगा और स्थानीय ताकतों की भूमिका को मजबूत करेगा।
