Islamabad Peace Talks: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात की। इस दौरान वेंस के साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी मौजूद रहे। इस मुलाकात को लेकर व्हाइट हाउस और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय दोनों ने ही जानकारी साझा की।
शहबाज शरीफ ने जेडी वेंस से की मुलाकात
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शहबाज शरीफ ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से कहा कि पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच स्थायी शांति की दिशा में प्रगति के लिए अपनी मध्यस्थता और सहयोग जारी रखने को तैयार है। इस दौरान, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और गृह मंत्री मोहसिन रजा नकवी भी मौजूद रहे।
यह घटनाक्रम अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर के ऐलान के बाद हो रहा है और अब अमेरिका और ईरान एक मंच पर शांति वार्ता के लिए एकत्रित हो रहे हैं।
वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंचे दोनों पक्ष
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ महत्वपूर्ण शांति वार्ता के लिए शनिवार को पाकिस्तान पहुंचे। इस वार्ता का उद्देश्य पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए एक स्थायी शांति समझौते पर पहुंचना है। इस युद्ध ने वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को पंगु बना दिया है और व्यापक पैमाने पर आर्थिक व्यवधान पैदा किए हैं। ईरानी प्रतिनिधिमंडल में गालिबफ के अलावा विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सर्वोच्च राष्ट्रीय रक्षा परिषद के सचिव अली अकबर अहमदीन और ईरानी केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती शामिल हैं।
वार्ता से पहले ट्रंप ने दी चेतावनी
शांति वार्ता से पहले ही ट्रंप चेतावनी दे चुके हैं कि अगर इस वार्ता के बाद शांति समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई फिर शुरू करेगा, जबकि वेंस ने पाकिस्तान रवाना होने से पहले कहा था कि वह वार्ता को लेकर आशान्वित हैं और उम्मीद करते हैं कि यह 'सकारात्मक' रहेगी।
