बाइडेन की उम्मीदवारी के खिलाफ डेमोक्रेट्स में भी उठने लगी आवाज, सीनियर नेता भी चाहते हैं दौड़ से हट जाएं

US Presidential Election 2024: अटलांटा में 27 जून को हुई बहस में रिपब्लिकन पार्टी से अपने प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ बाइडन के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा फोन कॉल पर की गई चर्चा के दौरान सांसदों- जेरी नाडलर, मार्क ताकानो, जो मोरेल, टेड लियू और एडम स्मिथ ने अपने विचार व्यक्त किए।

KEY HIGHLIGHTS
  • गत 27 जून को अटलांटा में जो बाइडेन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई थी पहली डिबेट
  • इस प्रेसिडेंशियल डिबेट में बाइडेन लड़खड़ा गए थे, अपनी बात ठीक से नहीं रख पाए
  • इसके बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी से गिरावट आई, उनकी रेटिंग कम हो गई है

US Presidential Election 2024: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। पहले दौर की प्रेसिडेंशियल डिबेट में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पिछड़ने और लोकप्रियता में आई गिरावट के बाद जो बाइडेन पर राष्ट्रपति पद की रेस से हटने का दबाव बढ़ता जा रहा है। खास बात यह है कि बाइडेन को चुनाव से पीछे हटने के बारे में अब डेमोक्रेट्स भी खुलकर बोलने लगे हैं। बता दें कि अटलांटा में गत 27 जून को ट्रंप के साथ हुई बहस में बाइडेन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। इससे 81 वर्षीय बाइडन की लोकप्रियता की ‘रेटिंग’ गिर गई। इसके बाद बाइडेन की सेहत और उनकी क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे। इस खराब प्रदर्शन के बाद बाइडेन ने माना की डिबेट के दौरान उनकी सेहत ठीक नहीं थी, वह लंबी यात्रा के बाद थके हुए थे और वह नींद की आगोश में आ गए।

Joe Biden

बाइडेन की लोकप्रियता में तेजी से गिरावट आई है।

'व्हाइट हाउस में वापसी करना मुश्किल हो जाएगा'

हालांकि, बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की रेस से खुद के बाहर होने की रिपोर्टों एवं अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कुछ दिनों पहले कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए वह सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। ईश्वर आकर उनसे यदि उम्मीदवारी से पीछे हटने के लिए कहते हैं तभी वह रेस से पीछे हटेंगे। बाइडेन के रुख, उनकी सेहत और रेटिंग में गिरावट को देखते हुए डेमोक्रेट्स को लगता है कि यदि वह रेस से पीछे नहीं हटे तो चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा सकता है और व्हाइट हाउस में वापसी मुश्किल हो जाएगी। डेमोक्रेट्स नेताओं के बाद हाउस कमेटियों के डेमोक्रेट नेता भी चाहते हैं कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी से कोई नया चेहरा सामने आया।

End of Feed