Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक कोयला खदान में बड़ा हमला हुआ है। हथियारबंद लोगों ने कोयला खदान में रॉकेट और ग्रेनेड से हमला किया है। जानकारी के अनुसार इस हमले में अभी तक 20 लोगों की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार तड़के बलूचिस्तान के डुकी इलाके की है। यहां स्थित जुनैद कोयला कंपनी की खदानों पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया।
ग्रेनेड और रॉकेट से पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हमला, 20 लोगों की मौत
हालांकि हमलों की किसी भी संगठन ने अब तक कोई जिम्मेदारी नहीं ली है। स्थानीय अधिकारियों ने हमले के बारे में बताया कि शुक्रवार की सुबह पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में कई कोयला खदानों पर अचानक हुए आतंकी हमलों में 20 मजदूर मारे गए और छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्वेटा शहर के पूर्व की ओर स्थित शहर के पुलिस स्टेशन हाउस ऑफिसर हुमायूं खान ने बताया कि हथियारबंद लोगों के एक गुट ने भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए डुकी इलाके में जुनैद कोल कंपनी की कई खदानों पर हमला कर दिया। हुमायूं ने यह भी बताया कि उन्होंने खदानों पर रॉकेट और ग्रेनेड भी दागे।
10 कोयला खदानों को आतंकियों ने बनाया निशाना
जिले के राजनीतिक प्रमुख हाजी खैरुल्लाह नासिर ने घटना के बारे में मीडिया को बताया कि यह घटना बलूचिस्तान प्रांत के डुकी जिले में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने ग्रेनेड से कम से कम 10 कोयला खदानों को निशाना बनाया, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और मारे गए। उन्होंने यह भी कहा कि हथियारों से लैस हमलावरों ने घटनास्थल से भागने से पहले खदानों और मशीनों में आग लगा दी। जिला की पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने खदान पर कब्जा कर लिया। फिर कोयले की खान के कुछ मजदूरों को एक साथ इकट्ठा किया और उन्हें भी गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि हमले में घायल मजदूरों और शवों को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां कई घायलों गंभीर है। उनका कहना है कि ज्यादातर पीड़ित बलूचिस्तान प्रांत के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे।
खबर अपडेट की जा रही है...
