India Slams Pakistan: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को एक बार फिट फटकार लगाई है। भारत ने कहा कि आतंकवाद का इस्तेमाल यह देश अपनी 'नीति के एक उपकरण' के रूप में करता है। साथ ही कहा कि कश्मीर हमेशा भारत का अविभाज्य एवं आंतरिक हिस्सा बना रहेगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतानेनी हरीश ने यह बात बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 'नेचुरल रिसोर्सेज गवर्नेंस : द फाउंडेशन ऑफ पीस, सेक्युरिटी एंड प्रॉस्पेरिटी' पर आयोजित उच्च स्तरीय उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही।
यूएनएससी में भारत ने पाकिस्तान को फटकार लगाई।
झूठा नरेटिव फैलाता है पाकिस्तान-भारत
भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने पाकिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र के उच्चस्तरीय मंच का 'झूठा नैरेटिव फैलाने' के लिए दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'आज की चर्चा में अन्य मुद्दे उठाने का हमारा इरादा नहीं था, लेकिन पाकिस्तान ने इस मंच का दुरुपयोग कर अपना झूठा नैरेटिव फैलाने की कोशिश की है, इसलिए हमारे प्रतिनिधिमंडल को जवाब देना पड़ रहा है।' उन्होंने आगे कहा, 'जम्मू-कश्मीर का केंद्र शासित प्रदेश हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा। यही संवैधानिक और कानूनी सच्चाई है, जिसे पाकिस्तान जानबूझकर नजरअंदाज करता है।'
'सिंधु जल संधि पर हमारा रुख स्पष्ट है'
राजदूत हरीश ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर के संबंध में एकमात्र लंबित मुद्दा भारत की संप्रभु भूमि पर पाकिस्तान का खुला आक्रमण और उसका अवैध कब्जा है।'सिंधु जल संधि का उल्लेख करते हुए उन्होंने पाकिस्तान पर सीमापार आतंकवाद को 'राज्य की नीति के औजार' के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'सिंधु जल संधि पर हमारा रुख स्पष्ट और लगातार एक जैसा रहा है। जब सीमापार आतंकवाद को नियमित रूप से राज्य की नीति के साधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता हो, तब आपसी विश्वास और सद्भावना के आधार पर सहयोग की अपेक्षा नहीं की जा सकती।'
अपना घर पहले देखे PAK-हरीश
अपने संबोधन के अंत में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वथनेनी हरिश ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा, 'भारत पर उंगली उठाने के बजाय पाकिस्तान को अपने देश और अपने लोगों के हित में पहले अपने घर की व्यवस्था ठीक करनी चाहिए।'
