Israel intensifies attacks on Hezbollah- इजरायल ने लेबनान पर हमले तेज कर दिए हैं। गुरुवार देर रात बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में सिलसिलेवार बड़े विस्फोट हुए, जिससे राजधानी में कई किलोमीटर दूर तक इमारतें हिल गईं। बेरूत एयरपोर्ट पर भी धमाके हुए हैं। इस हमले का निशाना हिजबुल्लाह का नया सरगना हाशिम सफीद्दीन था। हमले में उसकी मौत हुई है या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है।
इजरायल का लेबनान पर हमला
हाशिम सफीद्दीन को निशाना बनाया
दरअसल, इजरायल ने हिजबुल्लाह को निशाना बनाते हुए लेबनान पर हमले और तेज कर दिए हैं। जमीनी हमले के साथ ही बड़े पैमाने पर हवाई हमले भी किए जा रहे हैं। अब निशाने पर हिजबुल्लाह के नए टॉप कमांडर हैं। रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बेरूत में एक इजरायली हमले में हिजबुल्लाह के नए सरगना हाशिम सफीद्दीन को निशाना बनाया गया, जिसे ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह का नेतृत्व करने के लिए चुना गया है। हाशिम को इजरायली हमले में मारे गए हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह का उत्तराधिकारी माना जाता है।लेबनान की सरकारी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने क्षेत्र में लगातार 10 से अधिक हवाई हमलों की सूचना दी। यह तुरंत स्पष्ट नहीं था कि किसे निशाना बनाया गया था या कोई हताहत हुआ था या नहीं। ये हमले इजरायल और लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के बीच साल भर से चल रहे संघर्ष में तेजी के बीच हुए हैं।
इजराइल रक्षा बलों पहले दक्षिण लेबनान में लक्षित और सीमित घुसपैठ की थी, जिसमें सीमा पर कई लेबनानी गांवों में हिजबुल्ला के ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था, जो ब्लू लाइन (विभाजन रेखा) के दूसरी तरफ स्थित इजराइली शहरों के लिए खतरा हैं। आईडीएफ ने कहा कि दक्षिणी लेबनान के अंदर काम कर रहे जमीनी सैनिकों को हवाई और तोपखाना बलों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।
इजरायल के 8 सैनिकों की मौत
अब तक के जमीनी हमले में इजरायल को बड़ा नुकसान हुआ है। इजरायली सेना ने कहा कि बुधवार को लेबनान में युद्ध अभियानों में आठ सैनिक मारे गए, जो हिज़्बुल्लाह को निशाना बनाने के लिए सीमा पार करने के बाद उसकी सेना की पहली क्षति है। इजरायली सेना के कप्तान इतान इत्ज़ाक जमीनी कार्रवाई में मारे गए थे, जो लेबनान में अपने जमीनी अभियानों में पहला नुकसान था। लेबनान में पहले सैनिक की मौत की घोषणा के बाद आईडीएफ (इजरायली सेना) ने घोषणा की कि सात और सैनिक मारे गए हैं।
सेना ने एक बयान में कहा, कैप्टन इतान इत्ज़ाक ओस्टर, उम्र 22 साल...लेबनान में लड़ाई के दौरान मारे गए। एक सैन्य वेबसाइट ने अधिक विवरण दिए बिना कहा कि ओस्टर की मौत बुधवार को हुईष हिजबुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाके दक्षिणी सीमावर्ती गांव में घुसपैठ करने वाले इजरायली सैनिकों के साथ संघर्ष कर रहे हैं। हिजबुल्लाह ने पहले कहा था कि उसने इजरायली सैनिकों को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया।
यह पहली बार है जब ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने कहा कि लड़ाई लेबनानी धरती पर है और इजरायली सेना ने दक्षिण लेबनान पर हमला करना शुरू कर दिया। बाद में एक हवाई हमले में हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को मार डाला गया था जिससे बाद संघर्ष और बढ़ गया है।
