Bus Crash in New York: नियाग्रा फॉल्स से न्यूयॉर्क सिटी लौट रही एक बस के अंतरराज्यीय राजमार्ग पर पलटने से उसमें सवार एक भारतीय समेत पांच यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बस में भारतीय और चीनी नागरिकों समेत कुल 54 लोग सवार थे। एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान बिहार के शंकर कुमार झा (65), ईस्ट ब्रंसविक, न्यू जर्सी की पिंकी चांगरानी (60), बीजिंग, चीन के झी होंगझुओ (22), न्यू जर्सी के झांग शियाओलान (55) और जियान मिंगली (56) के रूप में हुई है।
न्यू यॉर्क में बस पलटने से 5 की मौत (AP)
ड्राइवर का ध्यान भटक गया था
प्रांतीय पुलिस के प्रमुख आंद्रे रे ने शुक्रवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह हादसा दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे न्यूयॉर्क के पेमब्रोक इलाके में अंतरराज्यीय राजमार्ग-90 पर हुआ। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि ड्राइवर का ध्यान भटक गया, जिससे उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। हालांकि, आंद्रे रे ने यह नहीं बताया कि ड्राइवर का ध्यान भटकने की वजह क्या थी। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
आंद्रे रे ने बताया कि हादसे के दौरान कई लोग बस से बाहर गिर गए। पांच वयस्क यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें बचा लिया गया। कई घायलों को अस्पताल लेजाया गया। रे ने बताया कि ऐसा नहीं लगता कि अन्य किसी व्यक्ति को जानलेवा चोटें आई हैं।
रे ने बताया कि बस में 1 से 74 साल की उम्र के यात्री सवार थे और इसका संचालन स्टेटन द्वीप स्थित एम एंड वाई टूर इंक. द्वारा किया जाता है। रे ने बताया कि शुरुआत में मृतकों में एक बच्चे के भी शामिल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में यह बात झूठी निकली। बफेलो न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं ने दुर्घटना के कारणों के रूप में यांत्रिक खराबी, चालक की कमजोरी या नशे की हालत को खारिज कर दिया है।
ट्रूपर ओ'कैलाघन ने कहा कि बस में सवार हर यात्री को कम से कम किसी न किसी तरह की घाव, खरोंच या घर्षण के निशान थे। उन्होंने कहा कि बस बेहद क्षतिग्रस्त थी और दुर्घटना के समय कई यात्री वाहन से बाहर निकल गिर गए थे। उन्होंने कहा कि चालक जीवित और स्वस्थ है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि उन्हें दुखद टूर बस दुर्घटना के बारे में जानकारी दी गई है और उनका कार्यालय राज्य पुलिस और दुर्घटना पर प्रतिक्रिया देने वाली अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है।
