अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। सोमवार (स्थानीय समय) को ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि ईरान सैन्य रूप से पूरी तरह तबाह हो चुका है। ऐसे में उसके खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना की मदद से होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आवाजाही जारी है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में अनुमान के मुताबिक बड़ा उछाल नहीं आया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (PC - Rapid Response 47)
परमाणु हथियार के इस्तेमाल से जुड़े सवाल को खारिज करते हुए ट्रंप ने कहा, “वे सैन्य रूप से पूरी तरह हार चुके हैं। मैंने उन्हें हरा दिया और अब क्या मुझे उनके ऊपर परमाणु हथियार का इस्तेमाल करना चाहिए? यह कितना बेवकूफी भरा सवाल है।” ट्रंप ने ईरान को “असफल राष्ट्र” करार देते हुए कहा, "उसकी नौसेना खत्म हो चुकी है, वायुसेना खत्म हो चुकी है और सर्विलांस उपकरण लगभग पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। वे अपने सैनिकों और पुलिस को सैलरी नहीं दे पा रहे हैं। देश में महंगाई 300 से 350 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और उनकी मुद्रा कमजोर हो चुकी है। इसका नेतृत्व बिखर चुका है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि जरूरत पड़ने पर हम उन पर सख्त कार्रवाई (Smack) नहीं करेंगे।"
‘ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता’
ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया है कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होता तो इजरायल के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। उन्होंने कहा, "ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना सकता। अगर उसके पास परमाणु हथियार होते, तो आज न इजरायल बचता और शायद न ही मिडिल ईस्ट। वे आने वाले समय में हमारे शहरों पर भी हमला कर सकते थे। इसलिए ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु ताकत नहीं बनने दिया जाएगा।" ट्रंप ने ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर एक लाख से अधिक प्रदर्शनकारियों की हत्या का आरोप लगाते हुए उन पर युद्ध अपराध (War Crimes) का मुकदमा चलाने की मांग भी दोहराई।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य फिलहाल “बेहद अच्छी स्थिति” में है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना की मदद से बड़ी संख्या में यहां से जहाजों की आवाजाही हो रही है। ट्रंप के मुताबिक, औसतन हर रात करीब 30 जहाज होर्मुज से गुजर रहे हैं और बड़ी मात्रा में तेल भी बाहर जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी सुचारू आवाजाही के कारण वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों वह तेजी नहीं आई, जिसकी आशंका जताई जा रही थी।
