प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस में 'क्वाड' (QUAD) नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'टफ मैन' बताया। ट्रंप की इस टिप्पणी ने सबका ध्यान खींचा।
डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'टफ मैन' बताया
पीएम मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) में हिस्सा लिया। इन सम्मेलनों की मेजबानी फिलीपींस कर रहा है, जो 2026 के लिए आसियान का अध्यक्ष है।
'मनीला और QUAD के बीच पुराना और विशेष संबंध'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मनीला और QUAD के बीच पुराना और विशेष संबंध रहा है। 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक इसी शहर में हुई थी। 2017 में यहीं से QUAD संवाद दोबारा शुरू हुआ। पिछले साल जनवरी से अब तक QUAD देशों के विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह साझेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता दिखाता है।
'भारत के लिए QUAD एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी'
भारत के लिए QUAD एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है।समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद सप्लाई चेन, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में QUAD विश्वसनीय समाधान देने का प्रयास कर रहा है। मोदी ने भरोसा जताया कि बैठक में सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय होंगे। QUAD क्षेत्र में शांति और स्थिरता में योगदान दे रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मजबूत करना है। समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण एवं उभरती तकनीकों में सहयोग के जरिए क्षेत्रीय देशों की क्षमता और निर्णय लेने की स्वतंत्रता मजबूत करने पर जोर दिया।
'चीन दौरे को लेकर उत्साहित, पुतिन से मुलाकात के लिए भी तैयार'
वहीं डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि नेताओं के साथ उनके मजबूत संबंध हैं, वे चीन दौरे को लेकर उत्साहित हैं; व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए भी तैयार हैं। 'इन लोगों और इन देशों के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं। मैं इन तीनों को लंबे समय से जानता हूँ। ये बहुत बेहतरीन लोग हैं और मेरे दोस्त हैं। इससे हमें वाकई काफी मदद मिलती है।' चीन को लेकर अपने वाणिज्य और वित्त अधिकारियों के बीच मतभेदों से जुड़े एक सवाल के जवाब में, ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्षों ने इस मामले को अच्छे से संभाला है और वे चीन के दौरे को लेकर उत्सुक हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कोई अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे, तो ट्रंप ने कहा, 'मुझे नहीं पता, लेकिन मैं ऐसा जरूर करूँगा। अगर मौका मिलता है, तो मैं ऐसा करूँगा।'
