US Attack on Iran: अमेरिका ने ईरान पर हमला लगातार 11वीं रात किया है। इस हमले के बारे में अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने कहा कि आज शाम सात बजे के बाद ईरान के सैन्य ठिकानों पर लगातार 11वीं रात हमले हुए। इन हमलों का लक्ष्य ईरान के सैन्य सामर्थ्य को कम करना है ताकि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में व्यापारिक जहाजों के लिए कोई खतरा नहीं बन सके।
ईरान के सैन्य ठिकानों पर यूएस के हमले। तस्वीर-X/Centcom
लगातार 10 रातों से जारी अमेरिका के हवाई हमलों के बावजूद जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण कमजोर नहीं हुआ है। युद्ध से पहले, वैश्विक स्तर पर कारोबार होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी संकरे जलमार्ग से होकर गुजरता था। दोनों देशों के बीच पिछले महीने हुआ अस्थायी समझौता अब टूट चुका है। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही भी लगभग रुक गई है। लड़ाई तेज होने के साथ दोनों पक्षों ने ऐसे नागरिक बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया है, जिस पर लाखों लोगों का जीवन निर्भर है।
बढ़ रही कच्चे तेल की कीमत
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी नागरिकों के लिए जारी एक नयी चेतावनी में कहा, 'ईरान और ईरान का समर्थन करने वाले समूह विदेश में अमेरिका के अन्य हितों या दुनिया भर में अमेरिका और अमेरिकियों से जुड़ी जगहों को निशाना बना सकते हैं।’ हाल के हफ्तों में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। मंगलवार को बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रही और अमेरिका में नियमित गैसोलीन की कीमत औसतन चार डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई, जिससे इस बार के मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिकी उपभोक्ताओं की जेब पर दबाव बढ़ गया है।
पाकिस्तान पहुंचे हैं ईरान के गृह मंत्री मोमेनी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर चेतावनी दी, 'जब भी ईरान किसी अमेरिकी सैनिक की हत्या करेगा, तो उसे इस हत्या की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी!’दो अधिकारियों ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि ईरान के गृह मंत्री मोमेनी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। बाद में मोमेनी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की। अधिकारियों ने बैठक के बारे में फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब ईरान ने अमेरिका के खाड़ी अरब सहयोगी देशों पर अपने हमले जारी रखे।
'गंभीर और सार्थक’पहल होनी चाहिए-रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को संवाददाताओं से कहा था कि अमेरिका अब भी ईरान के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए 'गंभीर और सार्थक’पहल होनी चाहिए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि तेहरान ऐसा कोई प्रस्ताव देगा या नहीं, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 'वास्तविक’ या 'सार्थक’मानें। अमेरिकी सेंट्रल कमान ने कहा है कि उसने 'ईरान के सैन्य कमान केंद्रों, समुद्री क्षमता, मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थल और वायु रक्षा प्रणाली’को निशाना बनाया। उसने ईरान में इन स्थलों को निशाना बनाकर की गई बमबारी के और फुटेज जारी किए।
इन इलाकों में हुए हमले
ईरान की सरकारी मीडिया ने खबर दी कि फार्स, होर्मोजगन, इलम, केरमन और सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांतों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालांकि, हालिया हिंसा के दौरान जलडमरूमध्य से गुजरने वाला यातायात बहुत धीमा हो गया है। समुद्री डेटा और खुफिया सूचनाएं प्रदान करने वाली लंदन स्थित ’लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस’ ने बताया कि रविवार को सिर्फ तीन जहाज ही इस जलडमरूमध्य से गुज़रे। ब्रिटिश सेना की ’यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ केंद्र ने कहा कि मंगलवार सुबह ओमान जलडमरूमध्य में एक टैंकर को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद चालक दल के सदस्य जहाज छोड़कर चले गए।
