Israel Hamas War : इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आतंकवादी संगठन हमास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपना संकल्प दोहराया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि हमास के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और इस आतंकवादी संगठन का प्रत्येक सदस्य अब 'डेडमैन' यानी मृत व्यक्ति है। अपने बयान में नेतन्याहू ने पहली बार हमास को पूरी तरह 'नष्ट' करने की इजरायल की मंशा जाहिर की। गत शनिवार को हमास ने जमीन, हवा और पानी के जरिए इजरायल पर अचानक से हमला किया। नेतन्याहू ने विपक्ष के नेताओं के साथ एक आपातकालीन सरकार का गठन किया है।
हमास के खिलाफ इजरायल के हमले जारी हैं।
'हम इनको कुचल और बर्बाद कर देंगे'
टेलीविजन पर दिए गए अपने एक संक्षिप्त बयान में नेतन्याहू ने कहा, 'हमास, इस्लामिक स्टेट (दाएश) है। हम इनको कुचल और बर्बाद कर देंगे। जैसा कि दुनिया ने दाएश को मिटा दिया।' अपनी वार कैबिनेट के साथ नेतन्याहू का यह पहला संयुक्त बयान है। इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने कहा, 'हम इस सरजमीं से हमास का सफाया कर देंगे।' नेतन्याहू ने फिलहाल अपने राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर एक आपातकालीन सरकार का गठन किया है। इसमें पूर्व रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज सहित विपक्ष के अन्य नेता शामिल हैं।
गैर युद्ध संबंधी कोई भी विधेयक पारित नहीं करेगी सरकार
गैंट्ज पूर्व में इजराइल के रक्षामंत्री और इजराइल रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रमुख की भूमिका निभा चुके हैं। बयान में कहा गया कि वे पांच सदस्यीय ‘युद्ध प्रबंधन’ मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। इसमें नेतन्याहू, गैंट्ज, मौजूदा रक्षामंत्री योआव गैलेंट और दो सेवारत शीर्ष अधिकारी बतौर ‘पर्यवेक्षक’ सदस्य शामिल होंगे। बयान में कहा गया कि सरकार जबतक लड़ाई जारी रहेगी तब तक गैर युद्ध संबंधी कोई भी विधेयक पारित नहीं करेगी और न ही इससे जुड़ा फैसला लेगी।
लापिद को भी नए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निमंत्रण
मुख्य विपक्षी दल यायर लापिद को भी नए मंत्रिमंडल में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है लेकिन उनकी ओर से अबतक जवाब नहीं आया है। इस कदम को इजराइली राजनीति में अप्रत्याशित हलकों से समर्थन मिला, जो कुछ समय पहले तक सरकार की न्यायिक सुधार की कोशिश के मुद्दे पर दो व्यापक गुटों में विभाजित दिख रही थी।
हमले में 22 अमेरिकी नागरिकों की मौत
अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को कहा कि इजरायल-हमास युद्ध में मारे गए अमेरिकी नागरिकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। एक दिन पहले इस युद्ध में 14 अमेरिकी नागरिकों की मौत की पुष्टि की गई थी। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘हमें बिल्कुल स्पष्ट रुख अपनाना होगा। आतंकवाद को कतई उचित नहीं ठहराया जा सकता।’ उन्होंने कहा, ‘इजरायल अमेरिका का सहयोगी है और हम हमेशा साथ मिलकर काम करते रहेंगे।’
दोनों तरफ कम से कम 3,600 लोगों की मौत
इजरायल-हमास के बीच लड़ाई गुरुवार को छठवें दिन में प्रवेश कर गई। इस युद्ध में अब तक दोनों तरफ से 3,600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इजराइल की सेना ने कहा है कि इजराइल में 155 सैनिकों सहित 1,200 से अधिक लोग मारे गए हैं, जबकि गाजा में अधिकारियों के अनुसार, 260 बच्चों और 230 महिलाओं सहित 950 लोग मारे गए हैं।
