Baloch Militants Hijack Train In Pakistan: बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का अपहरण कर सैकड़ों लोगों को बंधक बना लिया है। इस ट्रेन में करीब 500 लोग सवार थे। ट्रेन पर हमले के दौरान गोलीबारी में 6 सैनिक मारे गए। बलूच लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान के बोलन में जाफर एक्सप्रेस का अपहरण करके करीब कई यात्रियों को बंधक बनाने और छह सैन्य कर्मियों की हत्या करने की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ़ किसी भी सैन्य अभियान के नतीजे में सभी बंधकों को मार दिया जाएगा। जानिए अब तक का अपडेट -
बलूच उग्रवादियों का हमला
13 बलूच विद्रोही मारे गए
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि 13 बलूच विद्रोही मारे गए हैं। उधर, एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, हमलावरों द्वारा यात्री ट्रेन का अपहरण करने के बाद सुरक्षा बलों ने 80 यात्रियों को बचाया। नौ बोगियों में लगभग 500 यात्रियों को लेकर जाफर एक्सप्रेस, क्वेटा से पेशावर जा रही थी, जब मंगलवार की सुबह गुडलार और पीरू कुनरी के पहाड़ी इलाकों के पास एक सुरंग में हथियारबंद लोगों ने इसे रोक लिया। बंदूकधारियों ने ट्रेन पर गोलीबारी की, जिसमें कई यात्री घायल हो गए और दावा किया कि उन्होंने 100 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया है।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा, सुरक्षा बलों ने एक बोगी से 80 यात्रियों - 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चों को बचाने में कामयाबी हासिल की है। हालांकि, उन्होंने कहा कि लगभग 400 यात्री ट्रेन में रह गए हैं, जो अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं क्योंकि सुरक्षा बल आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में लगे हुए हैं।
30 से ज्यादा की मौत
बीएलए ने आठ घंटे की लड़ाई के बाद पाकिस्तानी सेना की जमीनी और हवाई सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है, जिसमें 30 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। बीएलए ने ट्रेन और 214 बंधकों पर पूरा नियंत्रण होने का दावा किया है और उन्हें युद्ध बंदी घोषित किया है। उन्होंने बलूच राजनीतिक कैदियों और प्रतिरोध कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है।
-बीएलए ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान इसका पालन करने में विफल रहता है या सैन्य कार्रवाई करने का प्रयास करता है, तो सभी कैदियों को मार दिया जाएगा और ट्रेन को नष्ट कर दिया जाएगा। पाकिस्तानी सेना इसके परिणामों के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार होगी।
182 बंधक अभी भी बीएलए की हिरासत में
बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस अपहरण के 6 घंटे बाद बलूच लिबरेशन आर्मी ने नया बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि 20 पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए, 182 बंधक अभी भी बीएलए की हिरासत में हैं।
पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई
वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने ट्रेन को सुरक्षित करने और यात्रियों को बचाने के लिए जमीनी और हवाई हमला किया है। इस क्षेत्र में ड्रोन के मंडराते रहने की भी खबरें हैं। पाकिस्तान में यहा राहत ट्रेन भेजने के साथ ही स्पेशल फोर्स की 7 यूनिट को भी रवाना किया है। पाकिस्तान सरकार ने बंधकों के लिए डॉक्टरों और सामग्री के साथ एक राहत ट्रेन भेजी है। ट्रेन में लाइट और जनरेटर भी भरे हुए हैं।
गनशिप हेलीकॉप्टरों और ड्रोन से जवाबी हमला
वहीं, ट्रेन पर हमला होने के बाद दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और आतंकवादी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के बंदूकधारियों के बीच गोलीबारी जारी है। पाकिस्तानी सेना जेट विमानों, गनशिप हेलीकॉप्टरों और ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। बलूच लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने एक ड्रोन को मार गिराया, जबकि प्रवक्ता जायेंद बलूच ने सैन्य अभियान की स्थिति में 182 बंधकों को मारने की धमकी दी है।
सभी यात्रियों को बंधक बनाया
एक बयान में बीएलए ने कहा कि उसके लड़ाकों ने मशकफ, धादर, बोलन में योजनाबद्ध ऑपरेशन को अंजाम दिया। समूह ने कहा, हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया है, जिससे जाफर एक्सप्रेस को रुकना पड़ा। लड़ाकों ने तेजी से ट्रेन पर नियंत्रण कर लिया और सभी यात्रियों को बंधक बना लिया। एक सख्त चेतावनी जारी करते हुए BLA ने ऐलान किया कि अगर सेना किसी भी सैन्य अभियान की कोशिश करती है, तो परिणाम गंभीर होंगे। सभी सैकड़ों बंधकों को मार दिया जाएगा, और इस रक्तपात की जिम्मेदारी पूरी तरह से सेना पर होगी।
बलोच सरकार के प्रवक्ता ने हमले की पुष्टि की
बलोच सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने जाफर एक्सप्रेस पर हमले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जाफर एक्सप्रेस क्वेटा से पेशावर जा रही थी। हमले के दौरान भारी गोलीबारी हुई। हमले के बाद सिबी अस्पताल में इमरजेंसी घोषित हुई है। घटनास्थल पर एंबुलेंस को जाते देखा गया है। बीएलए का दावा है कि उसने 400 से ज्यादा लोगों को अगवा किया है।
मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड ने दिया अंजाम
बीएलए ने कहा कि यह हमला उसकी विशेष यूनिट- मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड ने किया है और उसने किसी भी सैन्य हस्तक्षेप के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई। बयान में कहा गया, किसी भी सैन्य घुसपैठ का जोरदार जवाब दिया जाएगा। हताहतों की पुष्टि करते हुए बीएलए ने कहा कि अब तक छह सैनिक मारे गए हैं, और सैकड़ों यात्री बीएलए की हिरासत में हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दोहराया कि समूह इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी लेता है।
ट्रेन के क्वेटा से रवाना होने के बाद क्या-क्या हुआ?
जाफर एक्सप्रेस सुबह 9:30 बजे क्वेटा से रवाना हुई। हमला बोलन के पिरोकनारी इलाके में हुआ। पटरियों पर विस्फोट के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन को सुरंग संख्या 8 में रोक दिया गया है। इसके बाद माच हिल्स इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। इस इलाके में मोबाइल नेटवर्क सेवा बंद है। सिबी अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। रेलवे अधिकारी यात्रियों और कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।
