Dan Driscoll : अमेरिका में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस्तीफा देने का क्रम जारी है। अब सेना सचिव डैन ड्रिसकॉल ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। CNN ने इस मामले से जुड़े तीन सूत्रों के हवाले से कहा है कि डैन ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सौंपा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान युद्ध को लेकर ड्रिसकॉल और सेक्रेटरी ऑफ वार (रक्षा मंत्री) पीठ हेगसेथ के बीच कुछ महीनों से तनातनी चल रही थी। हालांकि, व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में ड्रिसकॉल की तारीफ की गई है।
अमेरिका में सेना सचिव ने दिया इस्तीफा।
व्हाइट हाउस ने ड्रिसकॉल की तारीफ की
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एन्ना केली ने ड्रिसकॉल की प्रशंसा करते हुए कहा कि रूस एवं यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए हुई बातचीत में उन्होंने सहयोग देने के साथ-साथ शानदार नेतृत्व का परिचय दिया। केली ने कहा कि अमेरिका को मजबूत बनाने वाले राष्ट्रपति ट्रंप के 'मेक अमेरिका स्ट्रांग अगेन' एजेंडे में उन्होंने प्रभावी रूप से अपना योगदान दिया।
सेना के चीफ ऑफ स्टाफ को बर्खास्त कर चके हैं हेगसेथ
कैली ने कहा, 'सचिव ड्रिस्कॉल ने ऐतिहासिक सैन्य अभियानों के दौरान उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करके, तत्परता और मारक क्षमता पर पुनः जोर देकर, रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत में सहायता करके और अन्य माध्यमों से सेना विभाग में राष्ट्रपति ट्रंप के 'मेक अमेरिका स्ट्रॉन्ग अगेन' एजेंडे को आगे बढ़ाने में अत्यधिक प्रभावशीलता दिखाई है।' CNN ने आगे बताया कि इस साल की शुरुआत में, हेगसेथ ने सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज और दो अन्य जनरलों को बर्खास्त कर दिया था। जॉर्ज और ड्रिस्कॉल ने एक साथ मिलकर करीबी से काम किया था।
25 फरवरी, 2025 को हुई नियुक्ति
एक पूर्व आर्मी रेंजर और वेंचर कैपिटलिस्ट के रूप में, ड्रिस्कॉल ने सैन्य कर्मियों के रहन-सहन की स्थिति में सुधार, उपकरणों के आधुनिकीकरण और युद्ध में वाणिज्यिक प्रौद्योगिकी के संबंध में यूक्रेनी सेना से मिले अनुभवों व जानकारियों को लागू करने की वकालत की। उनके नेतृत्व में, निजी उद्यमों ने अमेरिकी सेना के प्रतिष्ठानों पर डेटा केंद्रों, महत्वपूर्ण खनिज रिफाइनरियों और भोजनालयों में 25 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के निवेश का संकल्प लिया। ड्रिस्कॉल की नियुक्ति को 25 फरवरी, 2025 को सीनेट द्वारा 66-28 के मत से मंजूरी दी गई थी।
