अमेरिका के इतिहास में पहली बार गुरुवार को किसी व्यक्ति को मौत की सजा देने के लिए नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल किया गया। अमेरिका के अलबामा में मौत की सजा पाए व्यक्ति को फेस मास्क के जरिए नाइट्रोजन गैस सुंघार मौत की सजा दी गई। मौत की सजा के लिए अपनाए गए इस तरीके की अमेरिका समेत पूरे विश्व में चर्चा है। दुनिया के कई मानवधिकार संगठनों इस घटना को क्रूर बताते हुए कई जगहों पर प्रदर्शन भी किया। अलबामा के अटॉर्नी जनरल स्टीव मार्शल ने मौत की सजा के इस तरीके का बचाव किया लेकिन केनेथ यूजीन स्मिथ को ये दंड मिलते हुए देखने वाले लोगों का कहना है कि नाइट्रोजन गैस के इस्तेमाल की ये प्रकिया बहुत क्रूर थी।
अमेरिका के अलबामा में गुरुवार को हत्या के दोषी को नाइट्रोजन गैस सुंघाकर दी गई थी मौत की सजा
एलिजाबेथ सेनेट की हत्या के मामले में दोषी था शख्स
जानकारी के अनुसार, केनेथ यूजीन स्मिथ को 1988 में एलिजाबेथ सेनेट की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और मौत की सजा सुनाई गई थी। नाइट्रोजन गैस का उपयोग करते हुए स्मिथ को ये सजा दी गई थी। समाचार एजेंसी एपी ने इस सजा को अपनी आंखों से देखने वाले पत्रकारों में से एक के हवाले से रिपोर्ट की है। इस सजा को पांच मीडियाकर्मियों, स्मिथ के धार्मिक गुरू, उसके वकील और परिवार के सदस्यों ने अपनी आंखों से देखा। चश्मदीदों का कहना है कि जिन लोगों ने सजा के इस तरीके को क्रूर और अमानवीय कहकर रोक की मांग की थी, उनको स्मिथ के अंतिम क्षणों ने सही साबित कर दिया। यह कैसे घटित हुआ इसकी जानकारी प्रत्यक्षदर्शी पत्रकार चैंडलर ने दी है। जिन्होंने स्मिथ की सजा को लागू होते हुए देखा।
एपी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मीडिया के लिए बनाए कमरे से सब कुछ देखने वाले चैंडलर ने बताया कि गुरुवार शाम विलियम होल्मन फैसिलिटी में लगी घड़ी में जब 7:53 बजे तो उस चैंबर का पर्दा हटाया गया, जिसमें सजा दी जानी थी। इससे हम लोगों को स्मिथ दिखने लगा। भूरे रंग की जेल की वर्दी पहने स्मिथ को पहले से ही बांधा गया था और एक सफेद चादर को उस पर लपेटा हुआ था। रेस्पिरेटर मास्क उसके चेहरे पर थे। इस मास्क में एक फेस शील्ड और प्लास्टिक ट्यूबिंग थी जो एक छेद के जरिए पास के कंट्रोल रूम से जुड़ी थी।
जेल वार्डन ने स्मिथ के चैंबर में कक्ष में एंट्री की और उसका डेथ वारंट पढ़ा। वारंट पढ़ने के बाद उन्होंने स्मिथ को अपने अंतिम शब्द बोलने के लिए एक माइक्रोफोन दिया। स्मिथ ने माइक्रोफोन पर कहा कि आज रात अलबामा मानवता को एक कदम पीछे की ओर से जा रहा है। इसके बाद स्मिथ ने अपने परिवार के सदस्यों की ओर अपनी उंगली से आई लव यू का संकेत किया और कहा मैं प्यार, शांति और रोशनी के साथ जा रहा हूं। आप सब को प्यार, अलविदा। स्मिथ के परिवार के सदस्य अलग कमरे और मीडिया के सदस्य और स्मिथ के वकील अलग कमरे से उसे देख रहे थे।
अधिकारियों ने स्मिथ को रात 8:25 बजे मृत किया घोषित
अटॉर्नी जनरल मार्शल ने जेल अधिकारियों को शाम 7:56 बजे सजा की प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी। इसके बाद चैंबर में एक अधिकारी स्मिथ के पास आया और मास्क की जांच की। इसके बाद स्मिथ के मास्क में नाइट्रोजन छोड़ी गई। 7:58 बजे स्मिथ जोर-जोर से कांपने और छटपटाने लगा, उसका शरीर तेजी से ऐंठ रहा था। स्मिथ की बांह, सिर करीब दो मिनट तक झटके खाते रहे। दो मिनट तक स्मिथ जिस तरह से तड़प रहा था, वो देखना भयावह था। इस दौरान स्मिथ की पत्नी उसे देखकर चिल्ला उठी। दो मिनट बाद स्मिथ की सांसें गहरी होने लगीं और उसकी छाती ऊपर उठ गई। रात करीब 8:08 बजे जब लगा कि उसकी सांसें बंद हो चुकी हैं तो मास्क की जांच करने वाला अधिकारी फिर स्मिथ के पास गया और फिर शायद देखा कि वह अभी मरा है कि नहीं। इसके बाद 8:15 पर कमरे में पर्दे बंद कर दिए गए। इसके बाद अधिकारियों ने स्मिथ को रात 8:25 बजे मृत घोषित कर दिया।
