Bagram Air Base: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के पास मौजूद विशाल बगराम एयरबेस को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन ने अब अफगानिस्तान में बगराम एयर बेस पर कब्जा कर लिया है। ट्रंप ने कहा कि बगराम एयरबेस को अमेरिका ने 2021 में खाली कर दिया था। ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में 2025 के राष्ट्रीय प्रार्थना दिवस को संबोधित करते हुए कहा कि हम बगराम वायु सेना बेस को रखने जा रहे थे जो चीन के परमाणु हथियार बनाने के स्थान से एक घंटे की दूरी पर है। वे यही करते हैं। वे अपनी परमाणु मिसाइलें बनाते हैं और बगराम से एक घंटे की दूरी पर रखते हैं।
चीन ने अफगानिस्तान में बगराम एयर बेस पर किया कब्जा: राष्ट्रपति ट्रम्प
चीन ने बगराम पर किया कब्जा -ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने बगराम को छोड़ दिया, और अभी, चीन ने बगराम पर कब्जा कर लिया है। ये चीन की बहुत दुखद, बहुत पागलपन भरा निर्णय है। ट्रंप ने कहा कि यह दुनिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में से एक है, दुनिया में सबसे मजबूत और सबसे लंबे रनवे में से एक है, और चीन द्वारा अपनी परमाणु मिसाइलें बनाने के स्थान से एक घंटे की दूरी पर है।
जो बाइडेन प्रशासन पर आरोप लगाते हुए ट्रंप ने कहा कि आपको अफगानिस्तान में अब भयावह दृश्य देखने को नहीं मिलता। उन्होंने 26 अगस्त, 2021 को काबुल में हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एबी गेट बम विस्फोट का संदर्भ दिया, जिसमें 13 अमेरिकी सैन्य सेवा सदस्य और लगभग 160 नागरिक मारे गए थे। ट्रंप ने बाइडेन प्रशासन के तहत अफगानिस्तान से अमेरिकी वापसी को विनाशकारी और अक्षम कहा है। बता दें, बगराम एयरफील्ड अफगानिस्तान के परवान प्रांत में स्थित है, जो चारिकर शहर से लगभग 11 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और काबुल से 47 किलोमीटर उत्तर में है। एयरफील्ड में 11800 फुट का रनवे है जो बमवर्षक और बड़े मालवाहक विमानों को सेवा प्रदान करने में सक्षम है।
