WhatsApp screen mirroring scam: इन दिनोंएक नया साइबर फ्रॉड सामने आ रहा है, जिसमें स्कैमर्स व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर लोगों को ठग रहे हैं। इस स्कैम की शुरुआत एक सामान्य, मददगार दिखने वाले मैसेज से होती है, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह आपके बैंक खाते को खाली कर सकता है।
व्हाट्सएप स्क्रीन मिररिंग स्कैम: कैसे आपका फोन स्क्रीन खाली कर सकता है बैंक खाता (तस्वीर-Canva)
फ्रॉड की शुरुआत: एक मददगार बनने का नाटक
ठग खुद को बैंक अधिकारी या किसी कस्टमर केयर प्रतिनिधि के तौर पर खुद को बताते हैं। वे व्हाट्सएप पर संपर्क कर कहते हैं कि आपके खाते में कोई समस्या है या केवाईसी अपडेट करना जरूरी है। इसके बाद वे स्क्रीन शेयर करने की रिक्वेस्ट करते हैं ताकि समस्या को हल किया जा सके।
स्क्रीन शेयर करते ही मिल जाती है पूरी पहुंच
जैसे ही आप स्क्रीन शेयर करते हैं, स्कैमर को आपके फोन की हर गतिविधि रियल टाइम में दिखने लगती है। वह देख सकता है कि आप कौन-सा ऐप खोल रहे हैं, पासवर्ड टाइप कर रहे हैं या ओटीपी पढ़ रहे हैं।
आपकी फाइनेंशियस और निजी जानकारी तुरंत हो जाती है उजागर
इस स्क्रीन मिररिंग के दौरान, आपका पूरा डेटा जैसे कि UPI पिन, बैंक खाता संख्या, डेबिट कार्ड की जानकारी, ओटीपी और यहां तक कि आपके मैसेज भी फ्रॉडस्टर के सामने आ जाते हैं। वे इन जानकारियों का उपयोग कर आपके खाते से पैसे निकाल सकते हैं।
छिपे हुए ट्रैकिंग ऐप्स से और बढ़ता है खतरा
कई मामलों में ठग आपको ऐसे ऐप्स डाउनलोड करने के लिए भी कहते हैं जो रिमोट एक्सेस या की-लॉगिंग का काम करते हैं। ये ऐप्स आपकी हर टाइप की गई जानकारी रिकॉर्ड कर स्कैमर को भेज देते हैं, जिससे फ्रॉड तुरंत न सही, बाद में भी हो सकता है।
कैसे करें बचाव? अपनाएं ये आसान सावधानियां
- कभी भी किसी अनजान व्यक्ति को अपना स्क्रीन शेयर न करें।
- व्हाट्सएप या फोन कॉल पर किसी के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।
- बैंक से जुड़ी कोई भी जानकारी शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि करें।
- किसी भी संदिग्ध नंबर से कॉल या मैसेज आने पर तुरंत रिपोर्ट करें और नंबर ब्लॉक करें।
थोड़ी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई को मिनटों में खत्म कर सकती है। इसलिए सतर्क रहें, जागरूक रहें और दूसरों को भी इस तरह की ठगी से बचने की सलाह दें।
