डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते दौर में बैंकिंग सेवाएं पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गई हैं, लेकिन इसके साथ ग्राहकों के निजी डेटा की सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। हाल ही में बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़े डेटा एक्सेस के मामले सामने आने के बाद कई ग्राहकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि अगर किसी बैंक का डेटा लीक हो जाए, तो क्या ग्राहकों को मुआवजा मिल सकता है? ऐसे मामलों में घबराने की बजाय RBI के नियमों और अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
किन परिस्थितियों में नहीं मिलेगा मुआवजा?
डेटा लीक का मतलब हमेशा पैसे चोरी होना नहीं
किसी बैंक का डेटा लीक होने का यह मतलब नहीं है कि आपके खाते से तुरंत पैसे निकल जाएंगे। हालांकि, अगर आपकी व्यक्तिगत जानकारी गलत लोगों के हाथ लग जाती है, तो साइबर ठगी, फिशिंग और ऑनलाइन फ्रॉड का खतरा काफी बढ़ सकता है। इसलिए ऐसी स्थिति में सतर्क रहना और तुरंत जरूरी कदम उठाना बेहद महत्वपूर्ण है।
डेटा लीक होने पर तुरंत क्या करें?
अगर आपको लगता है कि आपकी बैंकिंग जानकारी प्रभावित हुई है, तो सबसे पहले अपने बैंक खाते और सभी ट्रांजैक्शन पर नजर रखें। इसके अलावा नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ईमेल का पासवर्ड तुरंत बदल दें। साथ ही UPI PIN और ATM PIN भी अपडेट कर लें। सबसे जरूरी बात, किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV या पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें, चाहे वह खुद को बैंक अधिकारी ही क्यों न बताए।
क्या हर डेटा लीक पर मिलता है मुआवजा?
हर डेटा लीक के मामले में ग्राहकों को मुआवजा नहीं मिलता। लेकिन यदि जांच में यह साबित हो जाता है कि डेटा लीक बैंक की लापरवाही, सुरक्षा व्यवस्था में कमी या समय पर कार्रवाई नहीं करने की वजह से हुआ और इससे ग्राहक को आर्थिक नुकसान पहुंचा है, तो ग्राहक मुआवजे की मांग कर सकता है, हालांकि मुआवजा तभी दिया जाता है जब संबंधित मामले की जांच में बैंक की जिम्मेदारी तय हो जाए।
किन परिस्थितियों में नहीं मिलेगा मुआवजा?
यदि ग्राहक ने स्वयं अपना OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा की है और उसी वजह से नुकसान हुआ है, तो मुआवजा मिलना मुश्किल हो सकता है। इसी तरह, अगर जांच में यह सामने आता है कि नुकसान ग्राहक की लापरवाही के कारण हुआ है, तो बैंक की जिम्मेदारी नहीं मानी जाएगी।
शिकायत कहां दर्ज करें?
यदि आपको डेटा लीक या साइबर फ्रॉड का संदेह है, तो सबसे पहले अपने बैंक के कस्टमर केयर या ग्रिवांस ऑफिसर से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं। यदि बैंक की ओर से संतोषजनक समाधान नहीं मिलता, तो आप RBI Integrated Ombudsman के पास शिकायत कर सकते हैं। वहीं, साइबर फ्रॉड की स्थिति में नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल या 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत दर्ज करें। जरूरत पड़ने पर पुलिस में FIR भी दर्ज कराई जा सकती है।
RBI का क्या कहता है नियम?
RBI के नियमों के अनुसार, यदि बैंक की गलती, सिस्टम में कमी या सुरक्षा चूक के कारण ग्राहक को नुकसान होता है और इसमें ग्राहक की कोई लापरवाही नहीं होती, तो कई मामलों में 'जीरो लायबिलिटी' (Zero Liability) का प्रावधान लागू हो सकता है। यानी ग्राहक को हुए नुकसान की जिम्मेदारी बैंक पर आ सकती है, हालांकि यदि ग्राहक समय पर शिकायत दर्ज नहीं कराता या उसकी ओर से लापरवाही पाई जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी सीमित या अधिक भी हो सकती है।
