WhatsApp दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। कंपनी अपने यूजर्स के लिए समय-समय पर नए फीचर्स लाती रहती है। वॉट्सऐप की तरफ से यूजर्स के लिए Guest Calling नाम का एक धमाकेदार फीचर पेश किया गया है। वॉट्सऐप का यह नया फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद होने वाला है जो इस ऐप को इस्तेमाल नहीं करते हैं। इस फीचर की मदद से ऐसे लोगों को भी WhatsApp कॉल में शामिल होने का मौका मिलता है, भले ही उनके फोन में WhatsApp ऐप इंस्टॉल न हो।
वॉट्सऐप के नए फीचर्स करोड़ों यूजर्स को सहूलियत मिलने वाली है। (फोटो क्रेडिट-Digit)
इस नई सुविधा के जरिए यूजर्स कॉल का लिंक बनाकर दूसरे लोगों को भेज सकते हैं। लिंक पाने वाला व्यक्ति ब्राउजर की मदद से कॉल में शामिल होने की रिक्वेस्ट भेज सकता है। इससे दोस्तों, परिवार के सदस्यों या दूसरे लोगों के साथ वीडियो कॉल करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।
क्या है Guest Calling फीचर?
WhatsApp के Guest Calling फीचर की मदद से आप ऐसे लोगों को भी कॉल में शामिल कर सकते हैं, जिनका WhatsApp पर अकाउंट नहीं है। इसके लिए कॉल शुरू करने वाला व्यक्ति अपने WhatsApp अकाउंट से एक कॉल लिंक बनाता है और उसे दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर करता है।
हालांकि, लिंक मिलने का मतलब यह नहीं है कि कोई भी व्यक्ति सीधे कॉल में शामिल हो जाएगा। गेस्ट को कॉल में एंट्री देने से पहले होस्ट की मंजूरी जरूरी होती है। इससे कॉल होस्ट के पास यह कंट्रोल रहता है कि कौन कॉल में शामिल हो सकता है।
प्राइवेसी का कैसे रखा गया है ध्यान?
WhatsApp के इस फीचर में कॉल की सुरक्षा के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का सपोर्ट दिया गया है। इसका मकसद कॉल के दौरान बातचीत को सुरक्षित रखना है। इसके अलावा, गेस्ट को कॉल में शामिल होने के लिए होस्ट की अनुमति लेनी होती है। जब तक होस्ट मंजूरी नहीं देता, गेस्ट को इंतजार करना पड़ता है। होस्ट चाहे तो किसी गेस्ट को कॉल से बाहर भी कर सकता है।
गेस्ट यूजर्स के लिए कुछ सीमाएं भी होती हैं। वे कॉल में शामिल दूसरे लोगों के मोबाइल नंबर नहीं देख सकते और न ही कॉल के जरिए उन्हें सीधे मैसेज भेज सकते हैं या किसी अन्य व्यक्ति को खुद से कॉल में जोड़ सकते हैं।
WhatsApp Guest Calling फीचर का इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप इस फीचर का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
- सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें और Calls टैब पर जाएं।
- यहां प्लस (+) के निशान पर टैप करें और कॉल लिंक बनाने का विकल्प चुनें।
- अपनी जरूरत के हिसाब से कॉल लिंक तैयार करें और उसे उस व्यक्ति के साथ शेयर कर दें, जिसे आप कॉल में शामिल करना चाहते हैं।
- लिंक पाने वाला व्यक्ति उसे अपने फोन या कंप्यूटर के ब्राउजर में खोल सकता है।
- इसके बाद उसे अपना नाम दर्ज करके कॉल में शामिल होने की रिक्वेस्ट भेजनी होगी।
- जब कॉल होस्ट उस रिक्वेस्ट को मंजूरी दे देगा, तो गेस्ट कॉल में शामिल हो सकेगा।
- इस तरह, बिना WhatsApp अकाउंट बनाए भी कोई व्यक्ति रिक्वेस्ट मिलने पर कॉल में हिस्सा ले सकता है।
एक कॉल में कितने लोग शामिल हो सकते हैं?
Guest Calling फीचर के जरिए एक कॉल में अधिकतम 32 लोगों को शामिल करने की सुविधा बताई गई है। इससे ग्रुप बातचीत, दोस्तों के साथ वीडियो कॉल या कई लोगों के साथ ऑनलाइन चर्चा करना आसान हो सकता है। हालांकि, कॉल में शामिल होने की सुविधा और उपलब्ध विकल्प आपके WhatsApp वर्जन तथा फीचर की उपलब्धता पर निर्भर कर सकते हैं।
क्या बिना WhatsApp अकाउंट के कॉल लिंक बनाया जा सकता है?
नहीं, कॉल लिंक बनाने के लिए आपके पास WhatsApp अकाउंट होना जरूरी है। यानी आप अपने WhatsApp अकाउंट से लिंक तैयार करके दूसरे लोगों को भेज सकते हैं, लेकिन जिन लोगों के पास WhatsApp अकाउंट नहीं है, वे उस लिंक के जरिए गेस्ट के रूप में कॉल में शामिल हो सकते हैं। यही इस फीचर की सबसे खास बात है। इससे उन लोगों के साथ भी वीडियो कॉल करना आसान हो जाता है, जो WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते या अपने डिवाइस में ऐप इंस्टॉल नहीं करना चाहते।
