Apple का सबसे महंगे iPhone Duo की भारत में बिक्री शुरू हो गई है। इसकी कीमत ₹2,99,900 है, लेकिन मुश्किल यह है कि फोन लोगों को मिल ही नहीं रहा है। हालात ऐसे हैं कि कुछ ग्राहक इस फोन को जल्द पाने के लिए इसकी रिटेल कीमत से 50,000 रुपये तक ज्यादा देने को तैयार हैं। बाजार से जुड़े कारोबारियों और जानकारों के मुताबिक, शुरुआती दिनों में देशभर में इसकी केवल 6,000 यूनिट उपलब्ध होने की उम्मीद है।
ग्रे मार्केट में ₹30,000 से ₹50,000 तक महंगा
पहले हफ्ते में सिर्फ 6,000 फोन मिलने की उम्मीद
Apple का iPhone Duo 23 अक्टूबर से भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। हालांकि, शुरुआती स्टॉक को लेकर रिटेलर्स की चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों के मुताबिक, Apple के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से मिलने वाली सप्लाई इस बार काफी सीमित हो सकती है।
दिल्ली के एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर ने बताया कि आमतौर पर Apple के प्रीमियम फोन की मांग उपलब्ध स्टॉक से ज्यादा रहती है, लेकिन इस बार कमी और ज्यादा महसूस हो रही है। एक अन्य मुंबई के रिटेलर के अनुसार, उन्होंने iPhone Duo की 100 यूनिट मांगी थीं, लेकिन उन्हें केवल पांच यूनिट मिलने की उम्मीद है।
ग्रे मार्केट में ₹30,000 से ₹50,000 तक महंगा
फोन की सीमित उपलब्धता के कारण कुछ ग्राहक ब्लैक मार्केट का रुख कर रहे हैं। यहां ऐसे विक्रेता फोन बेचते हैं, जो Apple के अधिकृत रिटेल नेटवर्क का हिस्सा नहीं होते। कारोबारियों के मुताबिक, भारत में iPhone Duo की सप्लाई के लिए दुबई और सिंगापुर जैसे बाजारों का सहारा लिया जा रहा है।
फिलहाल, ग्रे मार्केट में इस फोन पर ₹30,000 से ₹50,000 तक का प्रीमियम मांगा जा रहा है। कुछ विक्रेता एक-दो हफ्ते में फोन दिलाने का दावा कर रहे हैं, जबकि आधिकारिक माध्यम से इसकी उपलब्धता के लिए जनवरी के आखिरी हफ्ते तक इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, ग्रे मार्केट से खरीदारी में बिल, वारंटी और बिक्री के बाद सर्विस को लेकर दिक्कत हो सकती है।
सिर्फ फोन नहीं, स्टेटस सिंबल भी
विशेषज्ञों का मानना है कि iPhone Duo की मांग केवल इसके फीचर्स तक सीमित नहीं है। कुछ ग्राहकों के लिए इसे सबसे पहले खरीदना अपनी आर्थिक हैसियत और स्टेटस दिखाने का तरीका भी है। मुंबई के रिटेलर मनीष खत्री के मुताबिक, जो ग्राहक पहले ही फोन पर करीब ₹3 लाख खर्च करने को तैयार हैं, उनके लिए इसे जल्दी पाने के लिए अतिरिक्त ₹50,000 देना बड़ी बात नहीं हो सकती।
Samsung के फोल्डेबल फोन से भी महंगा
Apple ने iPhone Duo को Samsung के Galaxy Z Fold 8 के लगभग दो महीने बाद पेश किया है। Samsung का यह फोल्डेबल फोन 7 अगस्त को करीब ₹1.8 लाख की कीमत पर लॉन्च हुआ था। ऐसे में iPhone Duo की कीमत दोनों कंपनियों के प्रीमियम फोल्डेबल फोन के बीच बड़ा अंतर दिखाती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती स्टॉक बढ़ने और मार्केटिंग तेज होने के बाद इसकी बिक्री में तेजी आ सकती है। फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ग्राहक ₹2,99,900 खर्च करने के बाद भी फोन को जल्द पाने के लिए ₹50,000 अतिरिक्त देने को तैयार रहेंगे।
