OnePlus Device Sales May STOP from May 1: स्मार्टफोन ब्रांड वनप्लस भारत में अपने डिवाइस को बेचने के लिए मुश्किलों में है। दरअसल, भारत में प्रमुख मोबाइल रिटेल चैन ने कथित तौर पर 1 मई से वनप्लस स्मार्टफोन, टैबलेट और वियरेबल्स की बिक्री बंद करने का फैसला किया है। इसका कारण वनप्लस के साथ जारी समस्याएं बताई जा रही हैं। बता दें कि चाइनीज ब्रांड वनप्लस भारत में काफी पॉपुलर है। यह अलग-अलग सेगमेंट और कैटेगरी के डिवाइस उपलब्ध करा रहा है।
OnePlus Phone
मोबाइल रिटेलर्स ने फोन बेचने से किया मना
दक्षिण भारतीय संगठित रिटेलर्स एसोसिएशन (ORA) द्वारा भेजे गए एक पत्र के अनुसार, प्रमुख भारतीय मोबाइल रिटेल चैन ने 1 मई से वनप्लस वियरेबल्स, टैबलेट और स्मार्टफोन की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में 23 रिटेल चैन के 4,500 स्टोर प्रभावित होंगे। ORA के अध्यक्ष श्रीधर टीएस ने पत्र में कहा, "पिछले साल हमें वनप्लस प्रोडक्ट को बेचने से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं का सामना करना पड़ा है, जो अब तक सुलझी नहीं हैं।"
ये भी पढ़ें: Google Cloud Next 2024: जीमेल, शीट्स, डॉक्स और गूगल के इन ऐप्स को मिला Gemini AI का सपोर्ट, आपका काम कर देंगे आसान
वनप्लस से क्यों नाराज हैं रिटेलर्स
इस फैसले का कारण भी सामने आ गया है। दरअसल, रिटेलर्स ने इस फैसले के पीछे प्रॉफिट मार्जिन का हवाला दिया है। इसके अलावा रिटेलर्स को वारंटी और सर्विस क्लेम की प्रोसेसिंग में देरी और जबरन प्रोडक्ट बंडलिंग से दिक्कत आ रही है। श्रीधर ने कहा, "हमने ऐसे उदाहरणों का अनुभव किया है जहां हमें वनप्लस प्रोडक्ट के साथ प्रोडक्ट या सर्विस को बंडल करने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे हमारा फ्लैक्सिबिलिटी सीमित हो जाती है और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने की हमारी क्षमता में बाधा आती है। इससे इन्वेंट्री स्थिर हो गई है और बिक्री में कमी आई है।"
रिटेलर्स एसोसिएशन का कहना है कि वनप्लस के साथ इन मुद्दों को हल करने के बार-बार प्रयासों के बावजूद, वारंटी और सर्विस क्लेम प्रोसेसिंग में लगातार देरी हो रही है। इससे ग्राहक नाराज हैं और उन पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। इन सब कारणों से परेशान होकर रिटेलर्स एसोसिएशन ने वनप्लस फोन और अन्य प्रोडक्ट को 1 मई से नहीं बेचने का फैसला किया है।
