Sinquefield Cup, Grand Chess Tour: भारतीय शतरंज मास्टर आर. प्रज्ञानंद (R Praggnanandhaa) ने 2026 ग्रैंड चेस टूर के फाइनल (Grand Chess Tour Final) में जगह बना ली है। ग्रैंड चेस टूर 2026 छह टूर्नामेंटों की एक सीरीज़ है, जिसमें सुपर रैपिड एंड ब्लिट्ज़ पोलैंड, सुपर चेस क्लासिक रोमानिया, सुपर रैपिड एंड ब्लिट्ज़ क्रोएशिया, सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज़, सिंकफील्ड कप और आखिर में ग्रैंड चेस टूर फाइनल शामिल हैं। सिंकफील्ड कप का अभी एक राउंड बाकी है।
आर प्रज्ञानंद ग्रैंड चेस टूर फाइनल 2026 में पहुंचे (X/Grandchesstour)
ये भारतीय ग्रैंडमास्टर सिंकफील्ड कप में अमेरिका के वेस्ली सो के साथ सबसे ज्यादा अंक (5-5) हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। सिंकफील्ड कप में शानदार प्रदर्शन और सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज़ प्रतियोगिता में जीत की वजह से प्रज्ञानंद को फाइनल में जगह मिली है।
ग्रैंड चेस टूर के आधिकारिक हैंडल ने X पर पोस्ट किया, "प्रज्ञानंद और उनके सभी फैंस को बधाई! सिंकफील्ड कप में अभी एक राउंड बाकी है, लेकिन प्रैग ने 2026 ग्रैंड चेस टूर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है! लेकिन अभी भी बहुत कुछ दांव पर है! कल फाइनल राउंड है, और प्रैग अभी भी टूर्नामेंट जीतने की दौड़ में बने हुए हैं। और GCT फाइनल की तस्वीर अभी पूरी नहीं हुई है! बहुत जल्द, हमें उन तीन और नामों का पता चल जाएगा जो फाइनल-4 में प्रैग के साथ शामिल होंगे!" अगर प्रज्ञानंद सिंकफील्ड कप के अंतिम राउंड में विजयी रहते हुए ये खिताब जीतते हैं तो वो एक बड़ी उपलब्धि होगी, लेकिन फिर हर फैन को इंतजार रहेगा ग्रैंड चेस टूर फाइनल का जहां वो सबसे बड़े खिताब के लिए उतरेंगे।
ग्रैंड चेस टूर का फ़ाइनल 21-28 अगस्त तक सेंट लुइस चेस क्लब में होगा, जहां टूर के टॉप चार रैंक वाले खिलाड़ी GCT टाइटल के लिए नॉकआउट टूर्नामेंट खेलेंगे। अगर टूर स्टैंडिंग में चौथे स्थान के लिए टाई होता है, तो 20 अगस्त को क्वालिफाइंग प्लेऑफ से फाइनल में जगह बनाने वाले खिलाड़ी का फैसला होगा।
