स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप के अभ्यास मैच में आयरलैंड को 3-0 से पराजित करके अपनी तैयारी का पुख्ता सबूत पेश किया।
पुर्तगाल ने आयरलैंड को हराया (AP)
पुर्तगाल की तरफ से जोआओ फेलिक्स ने पहला गोल किया। इसके बाद 39 वर्षीय रोनाल्डो ने दूसरे हाफ में दो गोल दागे। यूरोपीय चैंपियनशिप के अपने पहले मुकाबले में पुर्तगाल का सामना अगले मंगलवार को लीपज़िग में चेक गणराज्य से होगा। इसके बाद वह ग्रुप एफ में तुर्की और जॉर्जिया से भी खेलेगा।
रोनाल्डो पिछले सप्ताह फिनलैंड और क्रोएशिया के खिलाफ मैत्री मैचों में नहीं खेले थे। आयरलैंड के खिलाफ रोनाल्डो के पास 22वें मिनट में फ्री किक पर गोल करने का मौका था लेकिन वह चूक गए। इसके बाद उन्होंने 50वें और 60वें मिनट में गोल किये।
