हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार को भारत-पाकिस्तान की टक्कर होनी है। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए टूर्नामेंट में बने रहने के लिए करो या मरो वाला है। खेल चाहे जो भी हो फैंस इन दो मुल्कों की टक्कर देखने से खुद को वंचित नहीं रखना चाहती है। इस मुकाबले को लेकर भी उससे कम क्रेज नहीं है जितना भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर होती है। मैच से पहले ही इस बात के संकेत मिल गए हैं। 10 हजार क्षमता वाली वेगनेर स्टेडियम पूरी तरह से पैक रहने वाला है। एफआईएच की मानें तो इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं। पूल-डी के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के दौरान वेगनेर स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा।
भारत-पाकिस्तान (साभार-X)
16 साल बाद भारत-पाकिस्तान मैच
एशियाई दिग्गज भारत और पाकिस्तान का सामना विश्व कप में 16 साल बाद होने वाला है। वेगनेर स्टेडियम की बात करें तो दोनों टीम इस मैदान पर 53 साल बाद भिड़ने वाली है। इससे पहले हॉकी के महासमर में दोनों टीमों की टक्कर 2010 में हुई थी, जहां भारत जीत दर्ज करने में कामयाब रहा था। 2014 और 2023 विश्व कप में पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं कर सका था और 2018 में दोनों टीमों का सामना नहीं हुआ था।
भारत-पाकिस्तान फैंस में गजब का जोश
मुकाबले को लेकर भारतीय और पाकिस्तानी मूल के लोगों में खासा उत्साह है। रॉयल डच हॉकी संघ (केएनएचबी) की संचार अधिकारी तमारा बोउवमन्स ने ’पीटीआई’ को बताया, ’’मैच के टिकट सितंबर 2025 से ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए थे। टिकटों की बिक्री चरणबद्ध तरीके से हुई। पहला चरण सितंबर में और अगला चरण इस साल मार्च में शुरू किया गया।’’ टिकटों की अलग-अलग श्रेणियां रखी गई थीं। नीदरलैंड के मुकाबलों को छोड़कर अन्य मैचों के लिए साउथ स्टैंड के टिकट की कीमत 35 यूरो से शुरू हुई, जबकि कवर किए गए मेन स्टैंड का डे टिकट 57 यूरो का था। हॉस्पिटैलिटी टिकट की कीमत 251.34 यूरो रखी गई थी।
बोउवमन्स ने बताया कि जब किसी दिन के ग्रुप चरण के सभी टिकट बिक जाते हैं, तो टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर हाफ-डे पास उपलब्ध कराए जाते हैं। इनके जरिए दर्शक उस दिन नीदरलैंड के मुकाबले को छोड़कर बाकी सभी मैच देख सकते हैं। नीदरलैंड में रह रहे भारतीय मूल के लोग इस मुकाबले को लेकर विशेष रूप से उत्साहित हैं।
पिछले आठ साल से नीदरलैंड में रह रहीं अंजना पब्बी ने कहा, ’’मैं अपने परिवार के साथ भारत-पाकिस्तान मैच देखना चाहती थी, लेकिन अब टिकट उपलब्ध नहीं हैं। भारतीय टीम पहली बार यहां विश्व कप खेल रही है, इसलिए हम बेहद उत्साहित थे।’’ अंजना ने कहा कि अब वह टीवी पर मुकाबला देखेंगी और कप्तान हरमनप्रीत सिंह तथा पूरी भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाएंगी। वेगनेर स्टेडियम में इससे पहले भी सह-मेजबान नीदरलैंड की टीम के मुकाबलों के टिकट पूरी तरह बिक चुके हैं।
