FIFA World Cup 2026: मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी एक ही टूर्नामेंट में दो आत्मघाती गोल करने वाले विश्व कप के इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। आस्ट्रेलिया के मिडफील्डर एडेन ओ नील की 55वें मिनट में लगाई गई फ्रीकिक पर गेंद हानी के सिर से टकराकर मिस्र के गोल के भीतर ही चली गई। इससे पहले आस्ट्रेलियाई मिडफील्डर कोनोर मेटकाफे से टकराने के कारण हानी को चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी थी। बेल्जियम के खिलाफ ग्रुप चरण में 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में भी उन्होंने आत्मघाती गोल किया था।
मोहम्मद हानी का शर्मनाक रिकॉर्ड (फोटो साभार- X/Hany)
हानी के आत्मघाती गोल के बाद भी जीता मिस्र
बता दें कि होसाम अब्दुलमागुद ने शूटआउट में निर्णायक गोल किया। जिसके दम पर पहली बार विश्व कप नॉकआउट मुकाबला खेलते हुए मिस्र ने आस्ट्रेलिया के पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया जबकि निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर था। मिस्र ने चौथी बार विश्व कप खेलते हुए यह जीत दर्ज की है। वहीं आस्ट्रेलिया नॉकआउट में तीन में से एक भी बार जीत नहीं सका है। अब मिस्र का सामना मंगलवार को गत चैम्पियन अर्जेंटीना से होगा जिसने केप वर्दे को अतिरिक्त समय में 3-2 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- घाना को 1-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में पहुंचा कोलंबिया, स्विट्जरलैंड से होगी भिड़ंत
शूटआउट में आस्ट्रेलिया के हैरी साउटार का निशाना चूका और 18 वर्ष के लुकास हेरिंगटन का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। मिस्र के लिये होसाम के अलावा महमूद साबिर, रामी राबिया और लिवरपूल के पूर्व स्टार मोहम्मद सालाह ने गोल दागे। मांसपेशी की चोट के बावजूद सालाह ने यह मैच खेला। आस्ट्रेलिया के लिये शूटआउट में जैकसन इरविन और अवेर माबिल ने गोल किये। इमाम अशूर ने 13वें मिनट में हेडर पर गोल करके मिस्र को बढत दिला दी थी। आस्ट्रेलिया ने 55वें मिनट में बराबरी की जब मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी एक ही विश्व कप में दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
बेल्जियम के खिलाफ भी हानी ने किया था आत्मघाती गोल
इससे पहले ग्रुप चरण में बेल्जियम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में भी उन्होंने आत्मघाती गोल किया था। इससे दस मिनट पहले हेडर लगाने का प्रयास कर रहे आस्ट्रेलिया के मिडफील्डर कोनोर मेटकाफे से टकराने के कारण हानी को स्ट्रेचर पर मैदान से ले जाया गया। सिर में चोट (कनकशन) की जांच भी की गई। विश्व कप नॉकआउट में आस्ट्रेलिया का खाता दो आत्मघाती गोल से ही खुला है। आस्ट्रेलिया 2006 में इटली से 1-0 से और 2022 में अर्जेंटीना से 1-2 से हार गई थी। अर्जेंटीना के खिलाफ उसका गोल आत्मघाती था।
