Harbhajan Singh on Rohit-Virat: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। गौतम गंभीर की कोचिंग और सोच की तारीफ करने के बाद अब भज्जी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीटीआई के पॉडकास्ट में 46 साल के हरभजन ने कहा कि उम्र कभी भी किसी खिलाड़ी का पैमाना नहीं हो सकती। "खिलाड़ी कोई भी हो, मेरा मानना है कि मापदंड प्रदर्शन होना चाहिए, उम्र नहीं। अगर लियोनेल मेस्सी 39 साल की उम्र में वर्ल्ड कप फाइनल में पांच खिलाड़ियों को छका सकते हैं, तो रोहित और कोहली क्यों नहीं खेल सकते?"
हरभजन सिंह ने रोहित-विराट पर क्या बोला (फोटो साभार- AI Created)
'विराट और रोहित को होना चाहिए टीम में'
अगले साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। उस समय रोहित 40 और कोहली 39 के हो जाएंगे। लेकिन हरभजन को लगता है कि अगर दोनों की फिटनेस और प्रतिबद्धता बरकरार है तो उन्हें टीम में होना चाहिए।" विराट भले ही 39 के हों, लेकिन अगर वो आज भी मैदान पर 20 साल के लड़कों को दौड़ा रहे हैं तो उम्र मायने नहीं रखती। रोहित और विराट पर वर्ल्ड कप में उम्मीदों का बोझ वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा से 10 गुना ज्यादा होगा। उनके पास 300 मैचों का अनुभव है। अनुभव से ही बड़े टूर्नामेंट जीते जाते हैं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- T20 लीग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को बैकफुट पर ढकेला, हरभजन सिंह का बड़ा बयान
हरभजन ने कोहली को भारतीय क्रिकेट की फिटनेस क्रांति का जनक भी बताया। "90% क्रेडिट कोहली को जाता है। उन्होंने ही टीम को ये सिखाया कि फिट हो तो हवा में उड़ सकते हो। 2014-15 में कप्तान बनने के बाद उन्होंने ही कहा था कि आखिरी पारी में 400 रन का टारगेट भी चेज किया जा सकता है। जीतने की मानसिकता उन्होंने दी।" मुख्य कोच गौतम गंभीर को सलाह देते हुए भज्जी बोले, "अगर मैं कोच होता तो मेरा काम रोहित-विराट को मंच देना होता। फिटनेस ठीक है और रन बन रहे हैं तो फिर श्रेयस या यशस्वी वाली फिटनेस के साथ ये दोनों क्यों नहीं खेल सकते?"
'मैनेजमेंट को साफ करनी चाहिए खिलाड़ियों की भूमिका'
अपने संन्यास को याद करते हुए हरभजन ने कहा कि खिलाड़ी को खुद समझ आ जाता है कब रुकना है। "मुझे 2015 में ही अहसास हो गया था जब चांदीमल ने मेरी पिटाई की थी। रोहित और विराट को भी जवाब अपने अंदर से ही मिलेगा।" भज्जी ने साथ ही कहा कि 2027 वर्ल्ड कप के लिए अभी 1 साल बाकी है। "विकल्प होना अच्छी बात है, लेकिन टूर्नामेंट से 6 महीने पहले टीम मैनेजमेंट को साफ कर देना चाहिए कि किसकी क्या भूमिका है।"
