रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की जमकर तारीफ की और कहा कि 38 वर्षीय कार्तिक के पास अद्भुत प्रतिभा है और वो एक शानदार बल्लेबाज हैं जिसको आप देखना पसंद करते हैं। कार्तिक ने क्रिकेट के मैदान पर अपना आखिरी बार आईपीएल 2024 के आरसीबी-राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मैच में खेलते नजर आए।
दिनेश कार्तिक और विराट कोहली (Instagram/RCB)
आरसीबी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में, कोहली ने खुलासा किया कि चैंपियंस ट्रॉफी 2009 के दौरान जब कार्तिक पहली बार उनसे मिला तो उन्हें यह विकेटकीपर-बल्लेबाज बहुत मनोरंजक लगा। "पहली बार जब मैं डीके से मिला, तो मुझे याद है कि वो दक्षिण अफ्रीका में चल रही चैंपियंस ट्रॉफी 2009 थी, अगर मैं गलत नहीं हूं तो। ये पहली बार था जब मैंने दिनेश के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया और मुझे वह बहुत मनोरंजक लगा, वो अतिसक्रिय, भ्रमित व्यक्ति कहें, जो ज्यादातर समय हर जगह घूमता रहा था, कभी नहीं रुका, ये दिनेश के बारे में मेरी पहली धारणा थी।"
हालांकि कार्तिक ने अभी तक आधिकारिक तौर पर आईपीएल से संन्यास की घोषणा नहीं की है, लेकिन उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान व्यापक संकेत दिए कि मौजूदा सीजन उनकी फ्रेंचाइजी के लिए उनका आखिरी सीजन होगा। राजस्थान के खिलाफ आरसीबी की हार के बाद जब वो ड्रेसिंग रूम की ओर वापस चले गए, तो कार्तिक को आरसीबी के खिलाड़ियों से गार्ड ऑफ ऑनर भी मिला और कार्तिक काफी भावुक भी नजर आ रहे थे।
मेरी मदद की थी
विराट कोहली ने कहा कि अब कार्तिक पहले की तुलना में अधिक 'समझदार और शांत' हो गए हैं। उन्होंने कहा, "गजब की प्रतिभा, देखने में शानदार बल्लेबाज और मेरी पहली छाप और आज की छाप में कोई अंतर नहीं है। बस वह समझदार हो गया है और काफी शांत हो गया है।" कोहली ने यह भी खुलासा किया कि जब वो आत्मविश्वास के लिए संघर्ष कर रहे थे तो कार्तिक ने उनकी मदद की थी।
"मैदान के बाहर, मैंने उनके साथ कुछ बहुत अच्छी और दिलचस्प बातचीत की है। वह एक बुद्धिमान व्यक्ति हैं, और सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि कई चीजों के बारे में बहुत अच्छा ज्ञान रखते हैं। मैंने उनके साथ अपनी बातचीत का पूरा आनंद लिया है। उस चरण में भी 2022 में जब मेरे पास कोई अच्छा आईपीएल सीजन नहीं था, मैं वास्तव में आत्मविश्वास के लिए संघर्ष कर रहा था, उन्होंने मुझे कई बार बैठाया और मुझे बहुत ईमानदारी से स्पष्टीकरण दिया कि उन्होंने चीजों को कैसे देखा और शायद मैं खुद उन्हें नहीं देख पा रहा था।"
अपने 17 साल से अधिक के शानदार करियर में, कार्तिक ने आईपीएल में छह फ्रेंचाइजी के लिए प्रदर्शन किया। उन्होंने 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के साथ उद्घाटन सत्र में डेब्यू किया। उन्होंने 2011 में पंजाब का रुख किया और उसके बाद मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और अंत में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेले। उन्होंने आईपीएल 2024 में 15 मैचों में 36.22 की औसत और 187.36 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए।
