LIVE
SRH vs RR Highlights: राजस्थान ने जीत के साथ किया आगाज, हैदराबाद को 72 रन से दी मात
SRH vs RR Highlights: 3 साल बाद अपने होम ग्राउंड पर खेल रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को पहले मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा है। हैदराबाद के सामने जीत के लिए 204 रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर केवल 131 रन ही बना पाई। हैदराबाद की तरफ से अब्दुल समद ने सर्वाधिक 32 रन की नाबाद पारी खेली। इससे पहले कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। लेकिन राजस्थान की टीम ने धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए आईपीएल 2023 का पहला 200 रन का आंकड़ा छूआ। हैदराबाद के सामने राजस्थान ने 204 रन का लक्ष्य रखा। राजस्थान की तरफ से तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा। संजू सैमसन ने 55, जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल ने 54-54 रन की पारी खेली। हैदराबाद की तरफ से फजहलक फारुकी ने 2 विकेट झटके।
APR 02, 2023 19:24 IST
SRH vs RR LIVE Score: राजस्थान ने हैदराबाद को हराया
राजस्थान ने हैदराबाद को 72 रन से हराकर जीत के साथ आईपीएल 2023 का आगाज किया है। हैदराबाद के सामने जीत के लिए 204 रन का लक्ष्य था, लेकिन टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी।
APR 02, 2023 19:11 IST
SRH vs RR LIVE Score: 100 रन के भीतर हैदराबाद ने गंवाए 8 विकेट
सनराइजर्स हैदराबाद बड़ी हार के करीब है। 95 रन के स्कोर पर टीम 8 विकेट गंवा चुकी है। 204 रन का मिला है लक्ष्य।
APR 02, 2023 18:50 IST
SRH vs RR LIVE Score: हैदराबाद ने गंवाया 7वां विकेट
हैदराबाद ने 7वां विकेट खो दिया है। आदिल राशिद 18 रन बनाकर आउट हुए, उन्हें युजवेंद्र चहल ने सैमसन के हाथों स्टंप कराया।
APR 02, 2023 18:46 IST
SRH vs RR LIVE Score: मुश्किल में हैदराबाद, गंवा चुकी है 6 विकेट
अब्दुल समद और आदिल राशिद बल्लेबाजी कर रहे हैं। 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने 76 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए हैं।
APR 02, 2023 18:29 IST
SRH vs RR LIVE Score: हैदराबाद की आधी टीम आउट
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मुश्किल में घिर गई है। 48 रन के स्कोर पर टीम 5 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही है। हैदराबाद के सामने 204 रन का लक्ष्य है।
APR 02, 2023 18:17 IST
SRH vs RR LIVE Score: हैदराबाद की धीमी बल्लेबाजी
शुरुआती विकेट गंवाने के बाद हैदराबाद की टीम धीमी बल्लेबाजी कर रही है। 8 ओवर बाद हैदराबाद का स्कोर 39 रन हो गया है। ब्रूक और मयंक अग्रवाल बल्लेबाजी कर रहे हैं। हैदराबाद के सामने 204 रन का बड़ा लक्ष्य है।
APR 02, 2023 17:42 IST
SRH vs RR LIVE Score: बोल्ट का धमाल
ट्रेंट बोल्ट ने एक ही ओवर में राजस्थान को दो झटके दिए। उन्होंने पहले अभिषेक शर्मा को और फिर राहुल त्रिपाठी को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजा। हैदराबाद के रन बनाने का सिलसिला अब भी शुरू नहीं हुआ है।
APR 02, 2023 17:38 IST
SRH vs RR LIVE Score: पहले ही ओवर में हैदराबाद ने गंवाया विकेट
204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने पहले ही ओवर में विकेट गंवा दिया है। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर बोल्ड हो गए। हैदराबाद के रन बनाने का सिलसिला शुरू नहीं हुआ था।
APR 02, 2023 17:20 IST
SRH vs RR LIVE Score: राजस्थान ने बनाए 203 रन
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने 204 रन का लक्ष्य रखा। सैमसन, बटलर और यशस्वी जायसवाल ने लगाया अर्धशतक।
APR 02, 2023 17:11 IST
SRH vs RR LIVE Score: राजस्थान ने गंवाया 5वां विकेट
संजू सैमसन 55 रन बनाकर हुए आउट। नटराजन ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच करवाया। राजस्थान रॉयल्स 200 रन के करीब है और अब भी 6 गेंद का खेल बाकी है।
APR 02, 2023 17:01 IST
SRH vs RR LIVE Score: राजस्थान की तरफ से तीसरा अर्धशतक
संजू सैमसन ने 28 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया है। यह राजस्थान की तरफ से तीसरा अर्धशतक है। इससे पहले जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल अर्धशतक जड़ चुके हैं।
APR 02, 2023 16:55 IST
SRH vs RR LIVE Score: 4 ओवर का खेल बाकी
राजस्थान एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा है। राजस्थान ने 16 ओवर में 170 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन और रियान पराग बल्लेबाजी कर रहे हैं।
APR 02, 2023 16:44 IST
SRH vs RR LIVE Score: राजस्थान को लगा तीसरा झटका
राजस्थान को तीसरा झटका लगा है। पाडिक्कल 2 रन बनाकर उमरान मलिक का शिकार बने हैं। 151 रन के स्कोर पर राजस्थान ने तीसरा विकेट गंवा दिया है।
APR 02, 2023 16:33 IST
SRH vs RR LIVE Score: जायसवाल ने भी जड़ा अर्धशतक
यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके लगाए और राजस्थान का स्कोर 139 रन तक पहुंचा दिया। संजू सैमसन भी 16 गेंद पर 30 रन की पारी खेल चुके हैं।
APR 02, 2023 16:24 IST
SRH vs RR LIVE Score: हैदराबाद में राजस्थान का हल्ला बोल
10 ओवर के बाद राजस्थान ने 1 विकेट के नुकसान पर 122 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल विस्फोटक अंदाज से बल्लेबाजी कर रहे हैं।
APR 02, 2023 16:14 IST
SRH vs RR LIVE Score: 8वें ओवर में ही 100 के पार राजस्थान
बटलर का विकेट गंवाने के बाद भी राजस्थान का तेजी से रन बनाने का सिलसिला रुका नहीं है। 8वें ओवर में ही राजस्थान का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। जायसवाल 38 रन बनाकर खेल रहे हैं।
APR 02, 2023 16:01 IST
SRH vs RR LIVE Score: थम गया बटलर का तूफान
राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में जोस बटलर के तूफान को फारुकी ने रोक दिया है। उन्होंने बटलर को 54 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया और राजस्थान को पहला झटका दिया।
APR 02, 2023 15:53 IST
SRH vs RR LIVE Score: चौथे ओवर में बटलर और यशस्वी का तूफान
चौथा ओवर वाशिंगटन सुंदर ने डाला जिसमें उन्होंने 19 रन खर्च किए। सुंदर के इस ओवर में 2 छक्के और एक चौका लगा। इस महंगे ओवर के बाद राजस्थान ने 4 ओवर में ही 50 रन का आंकड़ा छू लिया।
APR 02, 2023 15:44 IST
SRH vs RR LIVE Score: बटलर ने जड़ा मैच का पहला छक्का
पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विनर जोस बटलर ने मैच का पहला छक्का जड़ दिया है। उन्होंने भुवी की गेंद पर मिड ऑन पर छक्का जड़ा और हैदराबाद के स्कोर को 25 रन के पार पहुंचा दिया।
APR 02, 2023 15:39 IST
SRH vs RR LIVE Score: भुवनेश्वर कुमार ने की गेंदबाजी की शुरुआत
हैदराबाद की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने की। इस ओवर में उन्होंने कुल 6 रन दिए। यशस्वी जायसवाल ने उन्हें मिड ऑफ पर चौका मारा।
