कोलकाता: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली टीम युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल से बेहद प्रभावित हैं। सौरव गांगुली ने कोलकाता में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान यशस्वी की केपटाउन टेस्ट में बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि इस युवा सलामी बल्लेबाज को भविष्य में काफी मौके मिलेंगे। गांगुली ने कहा,'वह(यशस्वी) दूसरे टेस्ट में अच्छा खेला, यह तो उसके करियर की शुरुआत है। उन्हें काफी मौके मिलेंगे।
यशस्वी जायसवाल
टेस्ट करियर का किया था शतकीय आगाज
22 वर्षीय यशस्वी ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ रोसेयू में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत सौरव गांगुली की तरह धमाकेदार अंदाज में की थी। गांगुली की तरह यशस्वी ने अपने करियर के पहले टेस्ट में शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया था। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और तब से भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बने हुए हैं। अबतक करियर में खेले 4 टेस्ट मैच की 7 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी ने 45.14 के औसत से 316 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला। 171 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर नहीं चला बल्ला
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर यशस्वी का बल्ला नहीं चला। चार पारियों में वो 17,5,0 और 28 रन की पारियां खेल सके। चार पारियों में वो 12.5 के औसत से वो केवल 50 रन बना सके। 28 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। ये पारी उन्होंने केपटाउन टेस्ट की दूसरी पारी में जीत के लिए 79 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 23 गेंद में खेली थी। इसी पारी की गांगुली ने तारीफ की है।
