जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम ना होने से लगातार वह सुर्खियों में बने हुए थे। सबको हैरानी हो रही थी कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले और प्लेयर ऑफ द मैच रहे संजू के साथ नाइंसाफी की गई है, लेकिन अब इस पूरे मसले पर जवाब आ गया है और जवाब संजू के फैंस को राहत देने वाली है। ईएसपीएनक्रिक इंफो की मानें तो अजीत अगरकर की नेतृत्व वाली सेलेक्शन कमेटी ने संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि प्रभसिमरन सिंह को आजमाया जा सके।
संजू सैमसन (साभार-X)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 6 जुलाई को तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें अशोक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और यश ठाकुर को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। आपको बता दें कि 2026 एशियाई खेलों के लिए सैमसन का नाम भारतीय टीम में है। यही कारण है कि चयनकर्ताओं ने नए विकेटकीपर-बल्लेबाज, प्रभसिमरन सिंह को मौका देने का फैसला किया है, जिन्होंने अपने टी20 प्रदर्शन से प्रभावित किया है।
जून में श्रीलंका में हुई ट्राई-सीरीज़ के दौरान इंडिया ए के लिए तीन मैच खेलने वाले सिंह को ईशान किशन के साथ जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम में दूसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में शामिल किया गया है।
भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के दौरान सैमसन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने मात्र 5, 0 और 1 रन बनाए। यही कारण है कि उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका मिला और सूर्यवंशी भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। हालांकि, इससे पहले संजू ने टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। इतना ही नहीं आईपीएल में वह तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। इतना ही नहीं उन्होंने आईपीएल 2026 में दो शतक बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज भारत के इंग्लैंड दौरे के चार दिन बाद शुरू होगी, जिसमें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में खेले जाएंगे।
