श्रीलंका ए के खिलाफ साई सुदर्शन का शानदार प्रदर्शन जारी है। गाले में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में भी साई सुदर्शन ने शतक जड़ दिया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल के साथ शतकीय साझेदारी करते हुए यह शतक जड़ा, जो इस दौरे पर उनका लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने पहले अनऑफिशियल टेस्ट में भी शतक जड़ा था। सुदर्शन ने पारी के 56वें ओवर में एक रन लेकर 166 गेंद में 13 चौके की मदद से अपनी सेंचुरी पूरी की।
साई सुदर्शन (साभार-X)
इंडिया ए ने श्रीलंका ए के पहली पारी के जवाब में दूसरे दिन 60 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 233 रन बना लिए हैं। इंडिया ए ने अपना एकमात्र विकेट अमन मोखाड़े के तौर पर खोया जो 48 गेंद में 38 रन की पारी खेलकर आउट हुए। 66 रन के स्कोर पर इंडिया ए को पहला झटका लगा, लेकिन उसके बाद साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका ए के गेंदबाजों को करारा जवाब दिया।
टाइम्सनाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में देरी पर बीसीसीआई ने तोड़ी चुप्पी, बताया कब खेलेगा यह युवा खिलाड़ी
इससे पहले इंडिया ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 366 रन बनाए। श्रीलंका ए के लिए कप्तान सहन अराचिगे ने 127 रन की पारी खेली। इंडिया ए की ओर से गुरनूर ब्रार और सारंश जैन ने 4-4 विकेट जबकि यश ठाकुर ने दो विकेट चटकाए।
टॉप पर हैं साई सुदर्शन
इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले जा रहे दो अनऑफिशियल टेस्ट की सीरीज में साई सुदर्शन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 2 मैच की 3 पारी में 241.00 की औसत और 64.61 की स्ट्राइक रेट से 241* रन बनाए हैं। इस तरह उन्होंने भारतीय टीम में नंबर 3 की अपनी पोजीशन की दावेदारी और भी मजबूत कर ली है।
