भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला 9 फरवरी से नागपुर में खेला जाएगा। यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिए बेहद खास है। एक तरफ जहां टीम इंडिया के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का मौका दांव पर लगा है तो दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की टीम पिछले 18 साल से भारत में सीरीज नहीं जीत पाई है। दोनों टीम इस मैच से पहले जमकर पसीना बहा रही है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली
ऑस्ट्रेलिया की टीम तो आर अश्विन के खौफ से इतना परेशान है कि उनका तोड़ निकालने के अलग-अलग तरह के हथकंडे अपना रही है। इसी क्रम में वह अश्विन की तरह एक्शन वाले गेंदबाज के सामने प्रैक्टिस कर रहे हैं।
दूसरी तरफ भारत के बल्लेबाजों के सामने भी ऑस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाजों की बड़ी चुनौती होगी। विराट कोहली की बात करें तो पिछले तीन साल से स्पिन के खिलाफ उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं है। यही कारण है कि आर अश्विन ने इस सीरीज में श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया के लिए सबसे महत्वपूर्ण बताया है।
