राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटर रियान पराग ने सोमवार (8 जनवरी) को छत्तीसगढ़ के खिलाफ चल रहे रणजी ट्रॉफी 2024 ग्रुप बी मैच के दौरान शतकीय पारी खेली। उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए 87 गेंद पर 155 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर असम ने 254 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। पराग की विस्फोटक पारी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 11 चौके और 12 छक्के लगाए।
रियान पराग (साभार-X)
रणजी ट्रॉफी का दूसरा सबसे तेज शतक
रणजी ट्रॉफी के इतिहास में यह दूसरा सबसे तेज शतक बनाया। 22 साल के इस बल्लेबाज ने 56 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड दिल्ली के ऋषभ पंत के नाम है, जिन्होंने केवल 48 गेंद में झारखंड के खिलाफ 2016-2017 सीजन लगाया था।
टीम का प्रदर्शन निराशाजनक
रियान पराग ने भले अपनी पारी के दम पर अपनी टीम को 254 रन तक पहुंचा दिया हो, लेकिन छत्तीसगढ़ के सामने टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। छत्तीसगढ़ की पहली पारी 327 रन के जवाब में असम की पहली पारी केवल 159 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी में पराग 29 गेंद पर केवल 8 रन ही बना पाए थे। ग्रुप बी में असम के साथ-साथ 41 बार की चैंपियन मुंबई, बंगाल, आंध्रप्रदेश, उत्तर प्रदेश, केरल और बिहार की टीम है।
