Aaqib Javed on Pakistan Squad: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा एक्शन लिया और 7 खिलाड़ियों को एक साथ टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब नेशनल सेलेक्टर आकिब जावेद ने खुद इस फैसले के पीछे की वजह बताई है। आकिब जावेद ने बताया कि यह फैसला सिर्फ हार की वजह से नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस और जवाबदेही की वजह से लिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि सीनियर खिलाड़ियों से जिस प्रदर्शन की उम्मीद थी, वह इस दौरे पर नहीं मिला।
पाकिस्तान नेशनल सेलेक्टर (फोटो साभार- ANI)
7 खिलाड़ी और कोच को निकाला
दरअसल, पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट पारी से हारा और दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से मात मिली। इसके बाद PCB ने मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमेर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को रिलीज कर दिया। हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया। इसे लेकर आकिब ने बताया कि 17 सदस्यीय स्क्वॉड मेरिट और घरेलू परफॉर्मेंस के आधार पर चुना गया था, लेकिन जब नतीजे नहीं आए तो एक्शन लेना जरूरी हो गया। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि सेलेक्शन कमेटी ने कप्तान बाबर आजम और कोच सरफराज को पेसर उबैद शाह को खिलाने का सुझाव दिया था ताकि पेस अटैक में वैरायटी आए, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- पाकिस्तान क्रिकेट में कम नहीं हो रहा भूचाल, अब कप्तान बाबर आजम को लेकर आई बड़ी खबर
प्लेइंग इलेवन सुधारने का दिया था मैसेज
आकिब ने कहा, "जब प्लान के मुताबिक फैसले नहीं होते, तो मैसेज दिया जाता है कि प्लेइंग इलेवन को सुधारो।" उनका कहना है कि अब जब सीरीज हाथ से निकल चुकी है, तो एजबेस्टन में 9 सितंबर से होने वाले आखिरी टेस्ट में नए टैलेंट को मौका देकर दुनिया को पाकिस्तान की बेंच स्ट्रेंथ दिखाने में कोई हर्ज नहीं है। इसलिए 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, इमरान रंधावा और रजाउल्लाह को बुलाया गया है।
इमाम के चोट पर क्या बोले आकिब
इमाम-उल-हक पर चोट का नाटक करने के आरोपों पर आकिब ने कड़ा रुख अपनाया। इमाम काफ इंजरी के कारण दोनों पारियों में बैटिंग नहीं कर पाए, लेकिन चौथे दिन टेप लगी काफ के साथ थ्रोडाउन लेते नजर आए। आकिब ने कहा, "यह बड़ा सवाल है कि मसल पुल से कोई टेस्ट में बैटिंग न कर सके। खिलाड़ी प्लास्टर के साथ भी खेलते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, एक्शन लिया जाएगा।" सरफराज को अप्रैल में ही कोच बनाया गया था। आकिब ने कहा कि कोच का काम सिर्फ रिजल्ट नहीं, बल्कि रिसोर्स मैनेजमेंट और लीडरशिप भी होता है।
