PAK vs ENG: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 4 मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला हेडिंग्ले लीड्स में खेला जाएगा। इस मुकाबले में बाबर आजम नए रोल में दिखेंगे। मैच से ठीक एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे बैटिंग पोजिशन को लेकर सवाल किया गया था। इस सवाल के जवाब में बाबर आजम ने साफ कर दिया कि वह ओपनिंग नहीं करेंगे। बाबर इस टी20 सीरीज में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे और अगर उनका दांव सही साबित हुआ तो इसे टी20 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान इसी रणनीति के साथ उतरेगी।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (साभार-PCB)
दूसरी तरफ डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप से पहले खुद की टीम को जांचने का सुनहरा मौका है। वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड के लिए यह सीरीज काफी अहम है। यही कारण है कि इस सीरीज के लिए इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने आईपीएल को बीच में छोड़कर घर वापसी की। प्लेऑफ में इंग्लैंड के एक भी खिलाड़ी आईपीएल में मौजूद नहीं हैं। टी20 वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड की बैटिंग और पाकिस्तान की गेंदबाजों के बीच जबरदस्त मुकाबला होने की उम्मीद है।
पाकिस्तान और इंग्लैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड (PAK vs ENG Head To Head)
टी20 क्रिकेट में इन दो टीम के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो जोस बटलर की टीम का पलड़ा भारी है। 2006 से 2022 के बीच इन दो टीम के बीच अब तक कुल 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। 29 मैच में से इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 19 मैचों में शिकस्त दी है, जबकि पाकिस्तान की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 9 मैचों में जीत मिली है। वहीं एक मैच बेनतीजा रहा है।
