Sunil Gavaskar on Virat Kohli: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में भारत के चेज मास्टर विराट कोहली ने इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में विराट ने वनडे में अपना 50वां शतक पूरा किया। वे ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
विराट कोहली सुनील गावस्कर
कोहली ने विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रनों के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। विश्व कप 2023 के 10 मैचों में 711 रन बनाने वाले कोहली ने तेंदुलकर के 673 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो उन्होंने विश्व कप 2003 में बनाया था।
सुनील गावस्कर हुए इमोशनल, फिर याद की कोहली की महान पारी
कोहली को ढेर सारे रिकॉर्ड तोड़ते देख सुनील गावस्कर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और उन्होंने लसिथ मलिंगा के खिलाफ विराट कोहली की शानदार पारी को याद किया। ऑस्ट्रेलिया के साथ त्रिकोणीय श्रृंखला में होबार्ट में श्रीलंका के खिलाफ अपने शानदार शतक के दौरान विराट कोहली ने श्रीलंका के इस खतरनाक तेज गेंदबाज की जमकर क्लास लगाई थी। कोहली की पारी का वर्णन करते हुए भावुक गावस्कर ने कहा, 'मलिंगा को जिस तरह से उन्हें पेला था।' इसका वीडियो हर तरफ वायरल हो रहा है।कोहली के लिए ये सपना सच होने जैसा
सचिन तेंदुलकर के शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने के बाद विराट कोहली ने कहा कि " ये वैसा ही है जैसा कि मैंने सपनों में सोचा था। अनुष्का वहीं बैठी थी, सचिन पाजी भी यहीं थे। इसे समझाना मुश्किल है। अगर मैं एक आदर्श तस्वीर बना सकता तो मैं चाहता कि यह तस्वीर हो। मेरा जीवन साथी, वह व्यक्ति जिससे मैं प्यार करता हूं अधिकांश वहां बैठे हैं, मेरा हीरो वहां बैठा है और मैं उन सभी के सामने 50वां (वनडे शतक) हासिल करने में सक्षम था और ये सभी वानखेड़े में भी खड़े थे, इसीलिए ये अद्भुत था।'
