Kavya Maran Motivational Video: पिछले सीजन में प्वाइंट्स टेबल में बॉटम से लेकर इस साल आईपीएल फाइनल खेलने का सफर सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आसान बिल्कुल नहीं था। इसके लिए टीम मैनेजमेंट को कई बड़े बदलाव करने पड़े। चाहे कप्तान को बदलना हो या फिर खेलने का तरीका सबमें टीम ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। नतीजा हैदराबाद ने इस सीजन न केवल आईपीएल में वो रिकॉर्ड अपने नाम किए बल्कि टी20 क्रिकेट खेलने की परिभाषा ही बदल दी।
काव्या मारन (साभार-Screengrab)
इन सब के बावजूद टीम आखिरी बाधा को पार करने में नाकाम रही। फाइनल में टीम उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाई और कोलकाता के गेंदबाजों के सामने केवल 113 रन बनाकर ढेर हो गई। हालांकि, ये भी एक रिकॉर्ड ही है जो जाते-जाते हैदराबाद ने बनाया और वह रिकॉर्ड आईपीएल फाइनल में सबसे कम टोटल का है।
हार से भावुक हुईं थी काव्या
सनराइजर्स हैदराबाद की हार से टीम ऑनर काव्या इतनी निराश हुईं कि वह खुद के आंसू नहीं रोक पाई। स्टेडियम में रोते हुए उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, लेकिन इसके बाद उन्होंने खुद को संभाला और अपनी टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने ड्रेसिंग रुम पहुंची।
सनराइजर्स हैदराबाद ने शेयर किया वीडियो
सनराइजर्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें काव्या अपनी टीम को मोटिवेट करते नजर आ रही है। इस वीडियो में काव्या अपनी टीम का हौसला बढ़ाते हुए कह रही हैं कि आप सबने अपने प्रदर्शन से हमें गौरवान्वित किया है और हमें आप पर नाज है। मैं यहां आपसे यह कहने आई हूं कि आपने टी20 क्रिकेट खेलने के तरीके को बदला है। सब इसकी चर्चा कर रहे हैं। आज हमारे लिए खराब दिन था। लेकिन आपने बल्ले और गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया। भले ही केकेआर जीती लेकिन सब इस बारे मे बात कर रहे हैं कि हमने अलग तरह की क्रिकेट खेली। अपना ख्याल रखें और खुश रहें।
