नई दिल्ली: भारत की महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण आगामी महिला एशिया कप और एशियाई खेलों से बाहर हो गई हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि 25 वर्षीय जेमिमा को इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड में 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के दौरान दाहिने पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। उसके बाद से वो मैदान से बाहर हैं।
जेमिमा रोड्रिग्ज (फोटो क्रेडिट Jemimah Rodrigues X)
बीसीसीआई के अनुसार बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम द्वारा जांच के बाद उनके पैर में 'हाई-ग्रेड टियर' (मांसपेशी का फटना) की पुष्टि हुई है। महिलाओं की चयन समिति ने प्रतिका रावल को जेमिमा के स्थान पर महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है जिसका आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में किया जाएगा।
द हंड्रेड में खेलते वक्त चोटिल हुई थीं जेमिमा
बीसीसीआई ने कहा, 'जेमिमा रोड्रिग्स को तीन अगस्त को इंग्लैंड में ’द हंड्रेड’ खेलते समय दांए पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। ’सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में मेडिकल टीम द्वारा किए गए परीक्षण में 'हाई-ग्रेड टियर' की पुष्टि हुई। 'बोर्ड ने कहा, ’’इसके चलते वह संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले एसीसी महिला एशिया कप और जापान में होने वाले एशियाई खेलों से बाहर हो गई हैं।' एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'द हंड्रेड' में चमक बिखेर रहीं दीप्ति शर्मा, एशिया कप के लिए बताया अपना मास्टर प्लान
एशिया कप के लिए भारत की अपडेट की गई टीम इस प्रकार है(India Women Updated Squad For Asian Games 2026)
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल।
(भाषा)
