LIVE

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: भारत के नाम रहा टेस्ट का पहला दिन, गिल और पंत की की उम्दा बल्लेबाजी

समीर कुमार ठाकुरUpdated Jun 6, 2026, 17:46 IST

IND vs AFG Today Test Match (भारत बनाम अफगानिस्तान लाइव क्रिकेट स्कोर टुडे मैच ) Online Streaming, TV Telecast, Scorecard Live Updates: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में आज से भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जा रहा है जहां भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुना है।

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: भारत के नाम रहा टेस्ट का पहला दिन, गिल और पंत की की उम्दा बल्लेबाजी
IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: भारत के नाम रहा टेस्ट का पहला दिन, गिल और पंत की की उम्दा बल्लेबाजी

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: कप्तान शुभमन गिल और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल के शतक से भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शनिवार को यहां तीन विकेट पर 368 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। गिल ने 143 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के से नाबाद 103 रन की पारी खेली जबकि राहुल ने अपने 12वें टेस्ट शतक के दौरान 165 गेंद में 11 चौकों की मदद से 100 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी भी की। राहुल ने इससे पहले साई सुदर्शन (81) के साथ दूसरे विकेट के लिए 185 गेंद में 139 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया।
दिन का खेल खत्म होने पर ऋषभ पंत नाबाद 50 रन बनाकर गिल का साथ निभा रहे थे। दोनों चौथे विकेट के लिए 121 रन की अटूट साझेदारी की चुके हैं।

अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 67 रन देकर दो विकेट चटकाए। जियाउर रहमान ने 61 रन देकर एक विकेट हासिल किया। अफगानिस्तान को तेज गर्मी के बीच खराब क्षेत्ररक्षण का खामियाजा भी भुगतना पड़ा क्योंकि उसके क्षेत्ररक्षकों ने कई कैच टपकाए। शतकवीर राहुल को भी किस्मत का सहारा मिला। वह 11वें ओवर में जब 16 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तब रहमान की गेंद पर विकेटकीपर अफसर जजाई ने उनका कैच लपका लेकिन मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। रीप्ले में दिखा कि गेंद राहुल के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई थी लेकिन अफगानिस्तान ने डीआरएस का सहारा नहीं लिया।

भारत ने बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज जायसवाल (32 गेंद में 24 रन, पांच चौके) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई लेकिन उन्हें मलाल रहेगा कि वह अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और साधारण शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सलीम की गेंद थोड़ी अधिक उछली और जायसवाल ने उसे अपने कूल्हे के पास से फाइन लेग की तरफ मोड़ने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले को हल्का सा छूकर विकेटकीपर जजाई के हाथों में चली गई।

जायसवाल ने आउट होने से पहले कुछ अच्छे शॉट खेले और ऑन ड्राइव, स्ट्रेट ड्राइव और मिडविकेट की तरफ चौके जड़े। इससे पहले राहुल भी भाग्यशाली रहे जब रहमान की गेंद पर मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया और अफगानिस्तान की टीम ने डीआरएस का सहारा नहीं लिया। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने तीसरे नंबर के बल्लेबाज के तौर पर सुदर्शन पर एक बार फिर भरोसा दिखाया और उन्होंने निराश नहीं किया लेकिन अपने पहले शतक से चूक गए। राहुल ने सपाट लग रही पिच पर शानदार शॉट खेले। उन्होंने अफगानिस्तान के प्रभावी गेंदबाजी आक्रमण के सामने मजबूत डिफेंस का नजारा भी पेश किया।
सुदर्शन को भी शुरुआत में जीवनदान मिला जब पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर नांगेयालिया खरोटे की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहली स्लिप में उनका कैच टपका दिया।

बीच-बीच में सुदर्शन से कुछ चूकें हुईं। कुछ शॉट विकेटकीपर और पहली स्लिप के बीच खाली जगह से निकल गए जिन्हें आमतौर पर पकड़ा जा सकता था। सुदर्शन ने अधिकतर चौके मिडविकेट क्षेत्र में जड़े। उनका तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद पर लगाया गया स्ट्रेट ड्राइव देखने लायक था। राहुल ने खरोटे की गेंद पर एक रन के साथ 86 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि सुदर्शन ने बाएं हाथ के इस स्पिनर के अगले ओवर में लगातार तीन चौकों के साथ सिर्फ 67 गेंद में 50 रन के आंकड़े को छुआ। सुदर्शन ने रहमान पर भी लगातार दो चौके मारे लेकिन इसके बाद सलीम की गेंद पर विकेटकीपर जजाई को कैच दे बैठे। उन्होंने 104 गेंद की अपनी पारी में 13 चौके मारे।

राहुल ने खरोटे पर चौके के साथ 48वें ओवर में भारत के रनों का दोहरा शतक पूरा किया। कप्तान गिल शुरुआत से ही अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने सलीम पर दो चौके जड़ने के अलावा खरोटे पर सीधा छक्का मारा। राहुल ने रहमान की गेंद पर दो रन के साथ 164 गेंद में शतक पूरा किया लेकिन अगली ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को आसान कैच दे बैठे। गिल ने सलीम की गेंद पर एक रन के साथ 68 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर रहमान पर भी दो चौके मारे।

खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत ने धीमी शुरुआत के बाद ऑफ स्पिनर अब्दुल मलिक पर तीन छक्कों के साथ 68वें ओवर में टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।
गिल ने भी इसके बाद सलीम की गेंद पर एक रन के साथ 138 गेंद में अपना 11वां टेस्ट शतक जड़ा। पंत ने भी खरोटे पर चौके के बाद दिन के अंतिम ओवर में सलीम की गेंद पर एक रन के साथ अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले भारत ने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मानव सुतार को पदार्पण का मौका दिया। सुतार ने 29 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 129 विकेट चटकाने के अलावा 945 रन भी बनाए हैं।

आज के मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश रेड्डी, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन-
अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सेद्दीकुल्लाह अटल, अफसर जजाई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, काइस अहमद, ज़िया शरीफी, नंगेयालिया खरोताई।

JUN 06, 2026 17:46 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: पहले दिन रहा भारत के नाम

टेस्ट का पहला दिन भारत के नाम रहा। पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए हैं। गिल 103 और पंत 50 रन की पारी खेलकर नाबाद हैं।
JUN 06, 2026 17:43 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: भारत ने की वापसी

राहुल और साई सुदर्शन के अर्धशतकीर पारी के दम पर भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 133 र बना लिए हैं। राहुल 52 और सुदर्शन 54 रन बनाकर खेल रहे हैं।
JUN 06, 2026 11:33 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: लंच तक भारत का स्कोर 96 रन एक विकेट

भारत ने लंच तक एक विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए हैं। राहुल 37 और सुदर्शन 32 रन बनाकर खेल रहे हैं। जायसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए थे। भारत ने अपना पहला विकेट 41 रन के स्कोर पर गंवाया था।
JUN 06, 2026 11:04 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: राहुल और सुदर्शन की जोड़ी मैजान पर मौजूद

राहुल और सुदर्शन की जोड़ी मैदान पर मौजूद, दूसरे घंटे का खेल जारी। 18वें ओवर में भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 68 रन बना लिए हैं। राहुल 23 और सुदर्शन 20 रन बनाकर खेल रहे हैं।
JUN 06, 2026 10:34 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: 41 के स्कोर पर भारत को लगा पहला झटका

भारत ने 41 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया है। जायसवाल 32 गेंद में 24 रन बनाकर अफसार जजाई का शिकार बने हैं।
JUN 06, 2026 10:04 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: संभलकर खेल रहे हैं दोनों बल्लेबाज

राहुल और जायसवाल ने धीमी शुरुआत की है, लेकिन दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। जायसवाल 15 जबकि राहुल 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।
JUN 06, 2026 09:34 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: लाइव एक्शन शुरू

लाइव एक्शन शुरू हो चुका है। भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा है और पारी का आगाज केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने किया है।
JUN 06, 2026 09:12 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: आज के मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), अफसर जजाई (विकेटकीपर), अज़मतुल्लाह ओमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर्र रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी

भारत (प्लेइंग इलेवन): केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
JUN 06, 2026 09:08 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: टॉस के वक्त क्या बोले शुभमन गिल

हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। बहुत गर्मी और उमस है। पिच धीमी होती जाएगी। यह बहुत खास है, मैं यहीं खेलकर बड़ा हुआ हूं। यहां कप्तानी करना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है। तैयारी अच्छी चल रही है। पिछले दो दिनों से अच्छी नींद मिली है। इसके बाद नौ टेस्ट मैच हैं, हमारे पास घरेलू मैदान पर काफी टेस्ट मैच हैं। सही संयोजन बनाना जरूरी है। मानव सुथार अपना डेब्यू कर रहे हैं।
JUN 06, 2026 09:04 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: मानव सुथार को मिली डेब्यू कैप

JUN 06, 2026 09:03 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: भारत ने जीता टॉस

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
JUN 06, 2026 08:56 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: प्लेइंग इलेवन पर क्या बोले हेड कोच गंभीर

JUN 06, 2026 08:53 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: कैसी हो सकती है मुल्लांपुर की पिच

आज इस मैदान पर जिस पिच पर मुकाबला खेला जाएगा वह काली मिट्टी से बनी है जिसके बल्लेबाजी के मुफीद होने की संभावना है। हालांकि काली मिट्टी की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलती है लेकिन ऐसा पहले दो दिन के खेल के बाद हो सकता है। लेकिन इसके लिए पिच के टूटने का इंतजार करना पड़ेगा। भीषण गर्मी में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच के दौरान पिच पर नमी ज्यादा नहीं रहेगी और पिच पर घास नहीं रही तो इससे टूटने की संभावना है। ऐसे में शुरुआत में पिच तेज गेंदबाजों को बाद में स्पिनर्स के लिए मददगार हो सकती है।
JUN 06, 2026 08:51 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: आज के मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

भारत और अफगानिस्तान के बीच आज से शुरू होने जा रहे टेस्ट मैच में कई खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। भारतीय फैन्स की सबसे ज्यादा नजरें कप्तान शुभमन गिल(Shubman Gill), केएल राहुल (KL Rahul), ऋषभ पंत(Rishabh Pant), कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) और मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj) पर रहेंगी। वहीं अफगानिस्तान के फैन्स की नजरें रहमत शाह(Rahmat Shah), हश्मतउल्लाह शाहीदी(Hashmatullah Shahidi), जियाउर रहमान(Ziaur Rahman) और कायस अहमद (Qais Ahmad) पर रहेंगी।
JUN 06, 2026 08:50 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: पहली बार मुल्लांपुर में टेस्ट मैच

पहली बार मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह भारत का 31वां वेन्यू होगा जहां टेस्ट खेला जाएगा। इसे स्पिन फ्रेंडली पिच माना जाता है और ऐसे में राशिद खान और कुलदीप यादव पर खास नजर रहेगी।
JUN 06, 2026 08:44 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: दूसरी बार एक दूसरे से भिड़ेगी दोनों टीम, भारत के खिलाफ अफगानिस्तान ने किया था टेस्ट डेब्यू

भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच आज से पहले केवल एक टेस्ट मैच खेला गया है। साल 2018 में खेला गया वह मुकाबला अफगानिस्तान का डेब्यू टेस्ट था जो कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में खेलते हुए अफगानिस्तान को 262 रन के बड़े अंतर से मात दी थी। भारतीय टीम ने मुरली विजय और शिखर धवन की शतकीय पारियों की बदौलत 474 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद अफगानिस्तान को 109 रन पर ढेर करने के बाद फॉलो ऑन दिया और उनकी दूसरी पारी 103 रन पर ढेर करके मैच अपने नाम किया था। उसके 8 साल बाद दोनों टीमों सफेद जर्सी में एक दूसरे का आमना सामना करने दूसरी बार करने जा रही हैं।
JUN 06, 2026 08:39 IST

IND vs AFG, लाइव क्रिकेट स्कोर: भारत-अफगानिस्तान एकमात्र टेस्ट मैच आज

भारत- अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट आज से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयनुसार सुबह 9.30 बजे शुरू होगा और इसका टॉस आधा घंटा पहले यानी 9 बजे होगा। 8 साल बाद दोनों टीम इस फॉर्मेट में एक दूसरे के आमने-सामने है।