IPL 2023: रविवार को आईपीएल 2023 में दो बेहतरीन मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में जहां रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में 5 छक्के मारकर जीत दिलाई तो दूसरे मुकाबले में शिखर धवन ने 99 रन की नाबाद पारी खेली और अपने टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकालकर 143 तक पहुंचा दिया। धवन ने 66 गेंद पर 12 चौके और 5 छक्कों की मदद से 99 रन की पारी खेली।
ब्रायन लारा
ब्रायन लारा ने की तारीफ
हैदराबाद के बल्लेबाजी कोच और बैटिंग लीजेंड ब्रायन लारा ने धवन की इस पारी को टी20 क्रिकेट की सबसे बेहतरीन पारी बताया। उन्होंने कहा 'मुझे लगता है आज तक मैंने जितनी पारी देखी है टी20 क्रिकेट में यह सबसे बेहतरीन है।'
अकेले केवल लारा नहीं हैं जो शिखर धवन की इस पारी की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि आईपीएल स्टार और यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का भी यही मानना है। उन्होंने कहा 'शिखर अपनी टीम के लिए कमाल थे, जब आपके सामने लगातार विकेट गिर रहे हो तो यह कभी भी आसान नहीं होता है कि आप खुद को संयमित रखें और अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाएं।
आपको बता दें कि एक वक्त पंजाब की टीम केवल 88 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन शिखर धवन और मोहित राठी ने 10वें विकेट के लिए 55 रन की अटूट साझेदारी की और अपने टीम के स्कोर को 143 रन तक पहुंचा दिया। जीत के लिए 144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम ने 17.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। हैदराबाद की तरफ से राहुल त्रिपाठी ने सर्वाधिक 74 रन की पारी खेली। उनका साथ दिया कप्तान एडेन मार्करम ने जिन्होंने नाबाद 37 रन की पारी खेली। हैदराबाद की आईपीएल 2023 में यह पहली जीत थी।
