Shakib al Hasan Slaps Fan, Watch Viral Video: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर व टीम के कप्तान शाकिब अल हसन पिछले कुछ समय से अपने खेल से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में रहते हैं। अब एक और विवाद उनकी फेहरिस्त में जुड़ गया है। एक ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि शाकिब ने एक फैन को थप्पड़ जड़ दिया। आपको बता दें कि ये घटना तब सामने आई जब कुछ ही घंटों पहले बांग्लादेश आम चुनावों के नतीजे सामने आए हैं और शाकिब भी इन चुनावों में लड़कर भारी मतों से विजेता साबित होकर सांसद बने हैं।
शाकिब अल हसन ने फैन को थप्पड़ मारा
वायरल वीडियो में जो कुछ दिखा है, दावा किया जा रहा है कि ये वाकया कुछ दिन पहले का है जब शाकिब एक पोलिंग बूथ में अपना वोट डालकर बाहर निकल रहे थे। वहां मौजूद क्रिकेट प्रशंसकों ने उनको घेरा और जब स्थिति प्रशासन के नियंत्रण से बाहर नजर आने लगी तो शाकिब ने मामला खुद अपने हाथों में ले लिया और यहां भी अपना आपा खो बैठे। शाकिब ने अपने पीछे मौजूद एक लड़के को थप्पड़ जड़ दिया। देखिए वायरल वीडियो..
गौरतलब है कि सक्रिय बांग्लादेशी क्रिकेटर शाकिब अल हसन ने इस बार आम चुनाव लड़ने का फैसला किया था और वो मगुरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े। नतीजे दिलचस्प रहे, शाकिब ने अपने विरोधी को तकरीबन डेढ़ लाख वोटों के अंतर से मात दी और संसद में अपनी सीट पक्की की। शाकिब अल हसन प्रधानमंत्री शेख हसीन की रूलिंग पार्टी आवामी लीग से चुनाव लड़ने उतरे थे।
