PAK vs ENG: टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की टीम, इंग्लैंड के खिलाफ 4 मैच की टी20 सीरीज खेलने वाली है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 22 मई को जबकि आखिरी मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान के लिए यह खुद को जांचने का सुनहरा मौका है। डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ यदि पाकिस्तान की टीम अच्छा करती है तो वह शानदार मोमेंटम के साथ टी20 वर्ल्ड कप में उतरेगी। 4 मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला हेंडिग्ले लीड्स में खेला जाएगा। इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
बाबर आजम (साभार-X)
बाबर आजम रच सकते हैं इतिहास
कप्तान के तौर पर बाबर आजम पाकिस्तान के लिए 79 मैच में 2,452 रन बना चुके हैं। वह 2,500 रन पूरा करने से केवल 48 रन दूर हैं। इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में यदि वह 48 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2,500 रन बनाने वाले वह पहले कप्तान बन जाएंगे। बाबर का मौजूदा फॉर्म भी ठीक चल रहा है। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की।
विराट का भी रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं बाबर
बाबर आजम के निशाने पर रोहित शर्मा और विराट कोहली का भी रिकॉर्ड है। टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में बाबर फिलहाल तीसरे नंबर पर हैं। बाबर के नाम फिलहाल 117 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 3,955 रन हैं और वह विराट के सर्वाधिक 4,037 रन के रिकॉर्ड से केवल 82 रन दूर है। 83 रन बनाते ही बाबर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ देंगे। इस सूची में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। रोहित 3,974 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं।
